RSS की अनुमति के बिना BJP में कोई सीएम या मंत्री नहीं बन सकता : अशोक गहलोत

गुरुवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ (आरएसएस RSS) पर हमला करते हुए कहा कि आरएसएस (RSS) की अनुमति के बगैर बीजेपी (BJP) में कोई सीएम या मंत्री तक नहीं बन सकता। उन्होंने कहा बीजेपी की अगुवाई वाली केंद्र की एनडीए सरकार पर इसकी मजबूत पकड़ है और यह 'संविधानेतर ऑथरिटी' की तरह काम कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि आरएसएस को राजनीतिक पार्टी के रूप में सामने आना चाहिए और बीजेपी के साथ विलय कर लेना चाहिए। उन्‍होंने कहा, 'मौजूदा हालात को देखते हुए मुझे लगता है कि इसे राजनीतिक पार्टी के रूप में सामने आना चाहिए और बीजेपी के साथ विलय कर लेना चाहिए। हमें इससे कोई समस्‍या नहीं होगी।'
उन्‍होंने यह भी कहा कि आरएसएस ने पूर्व में लिख‍ित में कहा था कि वह राजनीति नहीं करेगा और एक सांस्‍कृतिक संगठन के तौर पर ही काम करेगा, पर ऐसा नहीं है। सीएम गहलोत ने कहा, 'आरएसएस एक सांस्‍कृतिक संगठन रहा है, जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं होता। लेकिन जब इस पर प्रतिबंध लगा तो उन्‍होंने लिखित में वादा किया कि वे राजनीति में शामिल नहीं होंगे और सांस्‍कृतिक संगठन के तौर पर ही काम करते रहेंगे।' उन्‍होंने कहा, 'आरएसएस को अपनी बात पर कायम रहना चाहिए।'