हैदराबाद: जिस जगह पशु चिकित्सक को रेप कर जलाया, वहीं एक और महिला की अधजली लाश मिली

हैदराबाद में हैवानियत की पराकाष्ठा से आगे जाते हुए यहां कुछ लोगों ने एक युवा महिला पशु चिकित्सक (27) के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे जिंदा ही जला दिया। इसके बाद उसकी अधजली लाश को पुल से नीचे फेंक दिया गया। महिला डॉक्टर से दरिंदगी का मामला अभी थमा भी नहीं था कि ऐसा ही एक और केस सामने आ गया। शमशाबाद में एक और महिला का जला हुआ शव मिला है। यह वही इलाका है जहां पर अब से कुछ घंटे पहले ही एक महिला डॉक्टर का रेप के बाद जला हुआ शव मिला था। साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनर का कहना है कि शमशाबाद के बाहरी इलाके में एक महिला की जली हुई लाश मिली है। महिला की उम्र 35 के आसपास बताई जा रही है। शव को सरकारी अस्पताल में भेजा जा रहा है और मामला दर्ज किया जा रहा है।
इससे पहले 27 साल की महिला पशु चिकित्सक का शव एक टोल प्लाजा के पास मिला। महिला डॉक्टर बुधवार को कोल्लुरु स्थित पशु चिकित्सालय गई थी। महिला डॉक्टर ने अपनी स्कूटी को शादनगर के टोल प्लाजा के पास ही पार्क कर दिया था। रात में जब वह वापस लौटी तो उनकी स्कूटी पंक्चर मिली। फिर महिला डॉक्टर ने अपनी बहन को फोन किया और इसके बारे में जानकारी दी। महिला डॉक्टर ने अपनी बहन से कहा कि उसे डर लग रहा है। इस पर बहन ने महिला डॉक्टर को टोल प्लाजा जाने और कैब से आने की सलाह दी थी। महिला डॉक्टर ने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने मदद की पेशकश की है और थोड़ी देर बाद कॉल करती हूं। फिर इसके बाद महिला डॉक्टर का मोबाइल फोन स्वीच ऑफ हो गया। परिजनों ने शादनगर टोल प्लाजा के पास महिला डॉक्टर की खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद पीड़िता की छोटी बहन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा था कि बुधवार रात नौ बजकर 22 मिनट पर उसकी इस बड़ी बहन से बात हुई थी और उसने कहा था कि वह एक टोल प्लाजा के पास है और किसी ने उसकी स्कूटी के टायर की हवा निकली होने की बात कह कर मदद की पेशकश की थी। जब छोटी बहन ने दोबारा नौ बजकर 44 मिनट पर फोन किया तो उसका फोन बंद आ रहा था।सुबह शादनगर के अंडरपास के पास उसकी जली हुई लाश मिली। शादनगर थाने में हुई इस घटना के प्रकाश में आने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से ट्रक ड्राइवर और उसके सहायक हैं। साइबराबाद पुलिस ने कहा कि जांच के बाद चार आरोपियों को पुलिस कस्टडी में लिया गया है। इनके नाम हैं- मोहम्मद आरिफ, जोल्लु शिवा, जोल्लु नवीन और चिंताकुंता। इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में भेजने की कोशिश होगी।

वही इस घटना के सामने आने के बाद देशभर से इसको लेकर तीखी प्रतिक्रिया आने लगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अलावा खेल जगत और फिल्मी दुनिया से जुड़ी हस्तियों ने भी इस घटना पर दुख जताया और वीभत्स करार दिया। तेलंगाना के गृह मंत्री मो। महमूद अली ने कहा कि हम इस घटना से दुखी हैं, पुलिस अलर्ट है और अपराध को नियंत्रित कर रही है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने 100 नंबर पर डायल करने की बजाय अपनी बहन को फोन किया। अगर ऐसा होता तो उन्हें बचाया जा सकता था।