पत्रकार से रेप के आरोप : एमजे अकबर ने कहा सहमति से बना था संबंध, बचाव में उतरीं पत्नी

#MeToo कैंपेन के तहत 20 से ज्यादा महिलाओं की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद अब बीजेपी सांसद एम जे अकबर पर अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय मूल की पत्रकार ने रेप का आरोप लगाया है। पल्लवी गोगई नाम की ये पत्रकार नेशनल पब्लिक रेडियो (NPR) में चीफ बिजनेस रिपोर्टर हैं। उन्होंने इस पूरी घटना का जिक्र वॉशिगटन पोस्ट अखबार में एक कॉलम के द्वारा दी है। इन आरोपों के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर की सफाई सामने आई है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद एमजे अकबर ने कहा है कि सारे आरोप झूठे हैं। उन्होंने बताया कि पल्लवी गोगोई की सहमति से संबंध बनाया गया था जो कई महीनों तक चला। अकबर का कहना है कि बाद में दोनों सहमति से अलग हो गए। एमजे अकबर की पत्नी मलिका भी उनके समर्थन में सामने आई हैं। उन्होंने कहा है कि पल्लवी झूठ बोल रही हैं। मलिका ने कहा है, 'मुझे नहीं पता कि पल्लवी के इस झूठ के पीछे की वजह क्या है, लेकिन यह झूठ है।' उन्होंने कहा कि #MeToo के तहत एमजे अकबर पर आरोप सामने आने के बाद वह खामोश थीं लेकिन वॉशिंगटन पोस्ट में लेख लिख पल्लवी गोगोई की तरफ से रेप के आरोप लगाने के बाद मुझे बोलना पड़ रहा है।

अकबर की पत्नी ने कहा, '20 साल पहले पल्लवी गोगोई मेरे परिवार में दुख और विवाद की वजह बनी थीं।' उन्होंने कहा कि पल्लवी उनकी मौजूदगी में भी उनके पति से अपना लगाव जाहिर करती रहती थीं। इन दोनों के बीच का संबंध उनके परिवार के लिए समस्या की वजह बना। एमजे अकबर की पत्नी मलिका ने एशियन एज की एक पार्टी का भी जिक्र किया है। मलिका ने कहा कि उनके घर पर हुई इस पार्टी में दोनों (अकबर और पल्लवी) काफी करीब होकर डांस कर रहे थे। इसे देख उन्हें पीड़ा हुई और इस बात को लेकर एमजे अकबर से उनकी बहस हुई। मलिका ने कहा कि उस समय अकबर ने अपने परिवार को महत्व देने का फैसला लिया। मलिका ने कहा कि तुशिता पटेल और पल्लवी गोगोई अक्सर उनके घर आती थीं, हमारे साथ खुशी से खाती-पीती थीं। उन्होंने कहा कि कभी पल्लवी को देख कर ऐसा नहीं लगा कि वह सेक्शुअल असॉल्ट पीड़ित हैं।

बता दें कि वरिष्ठ पत्रकार पल्लवी गोगोई ने वॉशिंगटन पोस्ट में एक लेख कर विस्तार से बताया है कि 1994 में अकबर ने कैसे उनका यौन शोषण किया। पल्लवी ने इस लेख में लिखा है कि जयपुर में एक असाइनमेंट देखने के बहाने अकबर ने उन्हें कमरे में बुलाकर रेप किया था। पल्लवी के आरोपों के मुताबिक एमजे अकबर ने अलग-अलग मौकों पर उनका शोषण किया।

आपको बता दें कि पत्रकार पल्लवी गोगोई ने वॉशिंगटन पोस्ट में लेख लिखकर एमजे अकबर पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा था कि 23 साल पहले एशियन एज में काम करने के दौरान अकबर ने उनके साथ रेप किया था। अकबर ने कहा कि 29 अक्टूबर को वॉशिंगटन पोस्ट ने 23 साल पहले की कथित घटना को लेकर कुछ सवाल पूछे थे। अकबर ने कहा कि ये आरोप झूठे हैं।

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि 1994 में उनके और पल्लवी गोगोई के बीच सहमति से संबंध बने थे। यह संबंध कुछ महीनों तक चले। अकबर ने कहा कि इस संबंध के चलते उनके पारिवारिक जीवन में तनाव आने लगा। इसके बाद सहमति से चल रहा यह संबंध खत्म हो गया। हालांकि अकबर ने स्वीकार किया कि संबंध बेस्ट नोट पर खत्म नहीं हुए। अकबर ने दावा किया कि उन दोनों लोगों को जानने वाले लोग भी इस बात की गवाही दे सकते हैं।