राज्यपाल ने महाराष्ट्र में बीजेपी को दिया सरकार बनाने का न्योता

महाराष्ट्र में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी को सरकार बनाने का न्योता दिया है। राज्यपाल ने बीजेपी को सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण सरकार बनाने का न्योता दिया है। दरअसल, 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास 105 विधायक हैं। अगर भाजपा 29 निर्दलीय विधायकों को अपने साथ कर लेती है, तो उसका संख्या बल 134 का हो जाता है। ऐसे में पार्टी बहुमत के आंकड़े से 11 सीट दूर रह जाएगी। इस स्थिति में फ्लोर टेस्ट के वक्त विधानसभा से दूसरी पार्टियों के 21 विधायक अनुपस्थित रहें तो भाजपा सदन में बहुमत साबित कर लेगी। 21 विधायकों की अनुपस्थिति की स्थिति में सदन की सदस्य संख्या 267 हो जाएगी और बहुमत का जरूरी आंकड़ा 134 का हो जाएगा। ये आंकड़ा भाजपा 29 निर्दलियों की मदद से जुटा सकती है। बहुमत के लिए 145 का आंकड़ा जरूरी है।

जानकारों के मुताबिक, चुनाव परिणामों में सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने के कारण भाजपा को यह ऑफर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, फडणवीस दिन में राज्यपाल से मिले थे। हालांकि अपनी मुलाकात को लेकर उन्होंने कोई भी बात सार्वजनिक नहीं की थी। वही भाजपा सांसद संजय काकड़े दावा कर रहे है कि शिवसेना के 45 विधायक उनकी पार्टी को समर्थन देना चाहते हैं। ऐसे में 56 विधायकों वाली शिवसेना से 45 विधायक टूटते हैं तो यह संख्या दो-तिहाई से ज्यादा हो जाएगी और दल-बदल कानून लागू नहीं होगा। 105 विधायकों वाली भाजपा का संख्या बल इन विधायकों की मदद से 150 पहुंच जाएगा और वह सदन में बहुमत साबित कर देगी।

2014 में भी देवेंद्र फडणवीस सरकार ने ध्वनिमत से ही बहुमत साबित किया था। बहुमत परीक्षण के समय तक भाजपा और शिवसेना साथ नहीं थे। सत्ता गठन के कुछ समय बाद दोनों दलों का गठबंधन हो गया था।