साक्षी महाराज ने विपक्ष को बताया नौटंकीबाज, कहा - 'जो हिन्दू हित की बात करेगा वही देश पर राज करेगा'

अक्सर अपने विवादित बयान से चर्चा में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता और उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज (Sakshi Maharaj) ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का नाम लिए बगैर उन पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा जो हिन्दू हित की बात करेगा वही देश पर राज करेगा। साक्षी महाराज ने कहा कि अब ये युग बदल गया है। ऐसे में हिन्दू हित की बात करने वाला ही देश पर राज करेगा। उन्होंने यह बात उन्नाव में एक सभा को संबोधित करते हुए कही। साक्षी महाराज ने जवाहर लाल नेहरू और राजीव गांधी को निशाना बनाते हुए राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जिनके बाप- दादाओं ने जनेऊ नहीं देखा वो कपड़े के ऊपर जनेऊ पहनने लगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग कपड़े के ऊपर जेनऊ धारण कर रहे हैं, उन्हें इस बात की जानकारी तक नहीं है कि आखिरकार जनेऊ कब पहना जाता है, कहां पहना जाता है। उन्होंने कहा कि इन्हें गेहूं और जौ के बाग में अंतर नहीं पता है। साक्षी महाराज ने दावा करते हुए कहा कि इन नौटंकी बाजों में मोदी का सामना करने का दम नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी जैसे लोग हजारों सालों में कभी-कभी पैदा हुआ करते हैं।

बता दें कि इससे पहले साक्षी महाराज ने दावा किया था कि 'मोदी सुनामी' की वजह साल 2019 के बाद चुनाव कराने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा था कि 'मोदी नाम की सुनामी है। देश में जागृति आई है कि इस चुनाव के बाद 2024 में कोई चुनाव नहीं होगा। केवल यही चुनाव है इस देश के प्रत्याशी जितवाने का काम करेंगे।' पीएम मोदी (PM Modi) आगामी लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) में अपनी सरकार के विकास कार्यों को जनता के सामने रखेंगे और जनता से दूसरे कार्यकाल के लिए वोट मांगेंगे।

लोकसभा चुनाव देशभर में सात चरणों में आयोजित किया जाएगा। चुनाव आयोग ने 10 मार्च को घोषणा की है कि अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम में विधानसभा चुनाव एक साथ संसदीय चुनाव होंगे। चुनावों का पहला चरण 11 अप्रैल से शुरू होगा और परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे।