लाईन में लगकर विराट कोहली ने गुरुग्राम में डाला वोट

छह राज्यों और दिल्ली की 59 लोकसभा सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। इस चरण में केन्द्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, हर्षवर्धन और मेनका गांधी सहित सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह तथा ज्योतिरादित्य सिंधिया की किस्मत ईवीएम में बंद होगी। चुनाव आयोग ने चुनाव के सुचारू संचालन के लिए 1.13 लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए हैं। इस चरण में कुल 10.17 करोड़ मतदाता मतदान के योग्य हैं जो 979 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। छठे दौर के इस चुनाव में उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की 10, बिहार और मध्य प्रदेश की 8-8, दिल्ली की सात और झारखंड की चार सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली वोटिंग शुरू होने के तुरंत बाद पोलिंग बूथ पर पहुंच गए। विराट को देखते ही मतदान केंद्र पर लोगों की निगाहें उनकी तरफ चली गई। कई लोगों ने विराट के साथ सेल्फी ली और विराट कोहली ने किसी को निराश नहीं किया। विराट कोहली ने गुरुग्राम के पिनरेस्ट स्कूल में अपना वोट डाला। गुरुग्राम लोकसभा सीट पर भाजपा के राव इंद्रजीत सिंह और कांग्रेस के कैप्टन अजय यादव के बीच मुख्य मुकाबला है।

बता दें कि विराट कोहली ने कुछ दिनों पहले ही सोशल मीडिया पर अपनी वोटर आईडी की तस्वीर शेयर करते हुए लोगों से पूछा था कि क्या आप वोटिंग के लिए तैयार हैं। विराट कोहली ने उसी दिन स्पष्ट कर दिया था कि तमाम व्यस्तताओं के बावजूद वह वोट करने जाएंगे। विराट कोहली ने लोगों से भी अधिक से अधिक वोट करने की अपील की थी।

बता दें कि विराट कोहली का अब अगला टारगेट 30 मई से शुरू हो रहा है क्रिकेट विश्व कप है। इस बार विश्व कप इंग्लैंड में हो रहा है और भारत का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के साथ 5 जून को है। हरियाणा में लोकसभा की 10 सीटें हैं। यहां आज एक ही चरण में सभी 10 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। मतों की गिनती 23 मई को होगी।