झारखंड : भाजपा की करारी हार, अमित शाह बोले - हम जनता के जनादेश का सम्मान करते हैं

झारखंड विधानसभा में जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिलता दिख रहा है। हेमंत सोरेन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आज झारखंड प्रदेश का लगभग 40 दिन का चुनावी यात्रा का अंतिम दिन है। आज पूरे राज्य में मतगणना का कार्यक्रम चल रहा है। कई चीजें स्पष्ट हो चुकी है। कुछ स्पष्ट होना बाकी हैं। अभी तक जो रुझान आया है, उसमें यहां की जनता ने जो जनादेश दिया है उसके लिए मैं उनका आभार प्रकट करता हूं। ये जीत जनता के लिए उत्साह का दिन है। हालांकि मेरे लिए आज का दिन संकल्प लेना का है। वही झारखंड चुनाव के रुझान पर गृहमंत्री अमित शाह का बयान आया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा 'हम झारखंड की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करते हैं। भाजपा को 5 वर्षों तक प्रदेश की सेवा करने का जो मौका दिया था, उसके लिए हम जनता का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। भाजपा निरंतर प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा निरंतर प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध रहेगी। सभी कार्यकर्ताओं का उनके अथक परिश्रम के लिए अभिनंदन।'

वही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने झारखंड के नतीजे को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट करके लिखा 'देश बदल रहा है, तुम भी बदल जाओ।'

झारखंड विधानसभा चुनावों के रुझान लगभग आ गए हैं अंतिम नतीजे आने बाकी हैं। कांग्रेस-झामुमो गठबंधन भाजपा पर भारी पड़ा है। चुनाव आयोग के मुताबिक शाम छह बजे तक कुल 80 सीटों में से 15 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। जिसमें से भाजपा- चार, झामुमो-सात, कांग्रेस- तीन और आजसू- एक सीट जीत चुकी है। रुझानों में भाजपा-21, झामुमो-23, कांग्रेस-12, राजद-1, झाविमो (पी)- 3, आजसू-2 भाकपा-माले (लिबरेशन)-1 राकांपा- 1 और निर्दलीय- 2 सीटों पर आगे चल रही है। बता दें कि राज्य की 81 विधानसभा सीटें 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक पांच चरणों में मतदान हुआ था।