लेबर पेन से कराह रही महिला के लिए भगवान बनकर आए किन्नर, ट्रेन के टॉयलेट में कराई डिलीवरी

हावड़ा-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रहे किन्नरों ने मानवता की मिसाल पेश की। उन्होंने ट्रेन में यात्रा कर रही एक गर्भवती महिला की डिलीवरी कराई। पूरा मामला बिहार के जमुई का है। हावड़ा-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से शेखपुरा जिले की रहने वाली एक गर्भवती महिला अपने पति के साथ लखीसराय जा रही थी। ट्रेन जसीडीह रेलवे स्टेशन से जैसे ही कुछ दूर चली उस महिला को लेबर पेन शुरू हो गया। धीरे-धीरे दर्द बढ़ता गया और महिला लेबर पेन के दर्द से चीखने लगी। उसका दर्द लगातार बढ़ता जा रहा था। लेबर पेन से पत्नी की हालत बिगड़ती देख पति ने कोच में मौजूद अन्य लोगों से मदद मांगी। लेकिन कोच में मौजूद अन्य महिलाएं उस महिला की मदद के लिए नहीं आईं। धीरे-धीरे महिला का लेबर पेन बढता जा रहा था। वो दर्द से कराह रही थी। उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी। तभी कुछ समय बाद उसी कोच में किन्नरों की टोली पैसे मांगने पहुंची। अब तब ट्रेन सिमुलतला रेलवे स्टेशन तक आ चुकी थी।

ट्रेन पर चढ़े किन्नरों की नजर जैसे ही महिला पर पड़ी वो तुरंत मामले को समझ गए। सभी किन्नरों ने महिला की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उन्होंने महिला को उठाया और ट्रेन केटॉयलेट में ले गए। जहां थोड़ी देर में महिला की डिलीवरी हो गई। महिला को बेटा हुआ। बच्चा स्वस्थ था। उसे सही सलामत देख ट्रेन केउस डिब्बे में मौजूद सभी यात्रियों की आंखें खुशी से नम हो गईं। महिला की डिलीवरी होने के बाद किन्नरों ने महिला औरउसके लड़के को आशीर्वाद दिया।