दिल्लीवासियों के लिए यमुना नदी पर क्रूज यात्रा का सपना अब साकार होने के बेहद करीब है। राजधानी में बहने वाली यमुना पर जल्द ही आधुनिक क्रूज सेवा शुरू की जाएगी। दिल्ली सरकार में पर्यटन, कानून और श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यमुना क्रूज का निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
मंत्री के अनुसार, हाल ही में मुंबई स्थित उस शिपयार्ड का दौरा किया गया, जहां इस विशेष क्रूज का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान तकनीकी और डिजाइन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने संकेत दिए कि बहुत जल्द यह क्रूज दिल्ली की यमुना नदी में अपनी पहली यात्रा शुरू करेगा।
यमुना के इस हिस्से में चलेगा क्रूज, तय हुआ रूटयमुना नदी पर शुरू होने वाली यह क्रूज सेवा दिल्ली के पर्यटन मानचित्र को नया आयाम देने वाली मानी जा रही है। प्रस्तावित योजना के अनुसार क्रूज सोनिया विहार, वजीराबाद बैराज क्षेत्र से लेकर जगतपुर (शनि मंदिर के निकट) तक संचालित होगा। यह लगभग 4 से 8 किलोमीटर लंबे मार्ग को कवर करेगा। यह पूरा इलाका पहले से ही राष्ट्रीय जलमार्ग-110 (NW-110) के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है।
इस परियोजना को खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि इसमें पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है। क्रूज पूरी तरह इको-फ्रेंडली होगा और इसमें सोलर-इलेक्ट्रिक हाइब्रिड तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे प्रदूषण का खतरा न्यूनतम रहेगा और यमुना की स्वच्छता पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
पहले भी निरीक्षण कर चुके हैं मंत्री, केंद्र-राज्य की संयुक्त पहलकपिल मिश्रा इससे पहले भी कई अवसरों पर यमुना क्रूज प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी देते रहे हैं। नवंबर 2025 में उन्होंने केंद्रीय पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सोनिया विहार क्षेत्र का निरीक्षण किया था। उस दौरान जेटी निर्माण, सुरक्षा इंतजाम, यात्रियों की सुविधा और संचालन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई थी।
इस परियोजना को मजबूती देने के लिए भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) और दिल्ली सरकार के बीच पहले ही एमओयू पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। इसके चलते यह योजना केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयास से आगे बढ़ रही है और समयबद्ध तरीके से इसे धरातल पर उतारने का लक्ष्य रखा गया है।
अब गोवा या मुंबई नहीं, यमुना पर मिलेगा क्रूज अनुभवयमुना क्रूज सेवा शुरू होने के बाद दिल्लीवासियों को समुद्री क्रूज का अनुभव लेने के लिए गोवा या मुंबई जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। राजधानी में ही लोग नदी पर आरामदायक और मनोरंजक यात्रा का आनंद उठा सकेंगे। क्रूज के दौरान यात्रियों के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, दिल्ली के इतिहास और विरासत से जुड़ी जानकारी, साथ ही मनोरंजन के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
हालांकि, मानसून के मौसम में सुरक्षा कारणों से इस सेवा को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। सरकार का उद्देश्य केवल पर्यटन बढ़ाना नहीं, बल्कि यमुना को स्वच्छ और जीवंत बनाते हुए उसे एक आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस पहल से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और नदी के पुनरुद्धार प्रयासों को भी बल मिलेगा।
जनवरी 2026 में लॉन्च की संभावना मजबूतहालांकि पहले इस क्रूज सेवा के दिसंबर 2025 में शुरू होने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन अब जनवरी 2026 में निर्माण स्थल के ताज़ा निरीक्षण के बाद इसके जल्द शुभारंभ की उम्मीद और प्रबल हो गई है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो आने वाले दिनों में दिल्ली की यमुना सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि राजधानी का नया पर्यटन आकर्षण बनकर उभरेगी।