‘मुझे गर्व है कि मैं हिंदू हूं, हमने कभी किसी को गुलाम नहीं बनाया’ — राष्ट्रीय युवा दिवस पर बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिंदू धर्म, सनातन परंपरा और भारत की सांस्कृतिक विरासत को लेकर अहम और सशक्त बयान दिया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म ने कभी भी किसी पर अपने विचार थोपने का काम नहीं किया। हमारे पास शक्ति भी थी, बुद्धि भी थी, लेकिन उसका कभी दुरुपयोग नहीं किया गया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “मुझे गर्व है कि मैं हिंदू हूं और हमने इतिहास में कभी किसी को गुलाम नहीं बनाया।”

स्वामी विवेकानंद जयंती पर विशेष कार्यक्रम में हुए शामिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों और योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को अपनी अद्वितीय बौद्धिक क्षमता के माध्यम से विश्व पटल पर स्थापित किया। विवेकानंद ने न केवल भारत को आत्मगौरव का बोध कराया, बल्कि पूरी दुनिया को भारतीय दर्शन की गहराई से परिचित कराया।

सनातन धर्म ने हमेशा मानव कल्याण का रास्ता दिखाया

मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सनातन धर्म ने सदैव मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया है। विवेकानंद गर्व के साथ कहा करते थे कि “मैं हिंदू हूं।” वे उस भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, जो लंबे समय तक सुप्त चेतना में डूबा हुआ था और आत्मबोध से दूर हो गया था। उस दौर में कुछ विदेशी आक्रांताओं ने भारत को गुलाम बना लिया था और चंद लोग देश की संपदा को लूट रहे थे। ऐसे समय में विवेकानंद ने भारत को झकझोरने और जागृत करने का काम किया।

शिकागो से गूंजा था भारत का आत्मगौरव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिकागो की धर्मसभा में दिए गए स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक संबोधन को याद करते हुए कहा कि विवेकानंद ने पूरी दुनिया के सामने यह स्पष्ट किया था कि भारत की परंपरा मानव कल्याण पर आधारित है। उन्होंने कहा था कि हमने कभी अपनी बात किसी पर जबरन नहीं थोपी। संकट के समय भारत ने हमेशा विश्व की शक्तियों को शरण दी। “मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हिंदू हूं”— यह केवल एक वाक्य नहीं, बल्कि भारत की सहिष्णु और उदार परंपरा का उद्घोष था। हमारे पास शक्ति और बुद्धि दोनों थीं, लेकिन उनका उपयोग कभी विनाश के लिए नहीं किया गया।

भारत के सामर्थ्य पर दुनिया को भरोसा

सीएम योगी ने वर्तमान वैश्विक हालात पर बात करते हुए कहा कि आज जब दुनिया में उथल-पुथल है, तो हर ओर से आवाज आती है— “मोदी जी, कुछ करिए।” यह भारत की क्षमता और नेतृत्व पर वैश्विक विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस भरोसे का सबसे बड़ा प्रतीक भारत का युवा है। जब शासन के प्रति समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विश्वास मजबूत होता है, तो योजनाएं तेजी से धरातल पर उतरती हैं।

युवाओं को नशे से दूर रखने पर जोर


मुख्यमंत्री ने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर पंचायत में खेल का मैदान हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश दोहराते हुए उन्होंने कहा— “खेलोगे तो खिलोगे।” खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा युवाओं को बर्बाद कर देता है, इसलिए युवाओं को इससे बचाना और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना जरूरी है। इसमें समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद अहम है।