विवादित टिप्पणी : अनिल विज ने राहुल-प्रियंका को बताया पेट्रोल बम, कहा - जहां जाते हैं आग भड़कती है

हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पेट्रोल बम बताया है। विज ने कहा कि प्रियंका और राहुल जहां भी जाते हैं उनकी वजह से आग भड़कती है और वे पब्लिक प्रॉपर्टी के नुकसान का कारण बनते हैं। आपको बता दे, मंगलवार को प्रियंका गांधी और राहुल गांधी मेरठ में नागरिकता कानून को लेकर हो रहे हिंसक प्रदर्शनों के दौरान मारे गए लोगों के परिवारवालों से मिलने पहुंच रही थीं। हालांकि, उन्हें बॉर्डर पर पुलिस द्वारा रोक लिया गया और गाड़ियां वापस लौटा दी गईं।

ऐसा नहीं है कि यह पहली बार है जब अनिल विज ने गांधी परिवार को लेकर कोई टिप्पणी की हो। इससे पहले उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर कहा था कि उन्होंने खुद इटली से आकर भारत की नागरिकता ले ली लेकिन पड़ोसी राज्यों में प्रताड़ित हो रहे हिंदू और सिख जो भारत में गुमनामी की जिंदगी जी रहे हैं, उनको नागरिकता देने का विरोध कर रही हैं। विज ने कहा था कि इन प्रताड़ित लोगों का मूल देश ही भारत है।