गणेश चतुर्थी : स्पेस में घूमते दिखे लालबाग के राजा, सामने आई पहली झलक

देशभर में गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi) पर्व को धूमधाम से मनाने की तैयारियां जोरों पर है। वैसे तो मुख्‍य रूप से यह पर्व महाराष्‍ट्र, गुजरात और मध्‍यप्रदेश से मनाया जाता है लेकिन अब बप्‍पा के भक्‍त देशभर में गणेश चतुर्थी धूम-धाम से मनाते हैं। गणेशोत्सव मनाने के लिए मुंबई के लालबाग के राजा (Lalbaugcha Raja) दुनिया भर में प्रसिद्ध हैं। ऐसे में लालबाग के राजा की पहली झलक सामने आई है।

बता दे, लालबाग के राजा की एक झलक पाने के लिए लोग लंबी लाइन में लगते हैं। लाल बाग के राजा की बड़ी मान्यता है। माना जाता है कि यहां के गणेश प्रतिमा के दर्शन करने मात्र से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं।

लालबाग के राजा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु दूर-दूर से मुंबई पहुंचते हैं। माना जाता है कि लालबाग के राजा के चरण का सिंदूर हर कामना को पूरा करता है। इसलिए भक्त लालबाग के राजा के चरण से सिंदूर लेना चाहते हैं।

लालबाग के राजा की मूर्ति सबसे विशालकाय होती है। गणेश चतुर्थी पर लालबाग के राजा की सवारी निकाली जाती है। हर बार की तरह इस बार भी लालबाग राजा के पंडाल को भव्य तरीके से सजाया गया है।

लेकिन इस बार खास बात यह है कि लालबाग के राजा की मूर्ति के चारों तरफ एस्ट्रोनॉट घूमते दिखाई दे रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि थीम चंद्रयान-2 पर आधारित है। बता दें कि लाल बाग के राजा की स्थापना 10 दिन तक की जाती है, 11वें दिन धूम-धाम से मुंबई के गिरगांव चौपाटी में उनका विसर्जन कर दिया जाता है।