फीफा वर्ल्ड कप जीतने के बाद पूरे फ्रांस में जश्न का माहौल, पेरिस की सड़कों पर उतरे लोग, देखे वीडियो

रूस की राजधानी मॉस्को में रविवार को फ्रांस ने इतिहास दोहराते हुए फिर एक बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में फ्रांस ने क्रोएशिया को 4-2 से करारी मात देकर ट्रॉफी जीत ली। यह फ्रांस का दूसरा विश्व कप खिताब है। इसके पहले 1998 में ब्राजील को हराते हुए यूरोप की यह महाशक्ति फुटबॉल का सिरमौर बनी थी। फ्रांस छठा देश है, जिसने एक से अधिक बार विश्व कप का खिताब जीता। इससे पहले ब्राजील (5), जर्मनी (4), इटली (4), अर्जेंटीना (2) और उरुग्वे (2) यह कमाल कर चुके हैं। जीत के बाद ही पूरे फ्रांस में जश्न का माहौल है। लोग पेरिस की सड़कों पर उतर आए हैं। एफिल टॉवर की तरफ जाने वाली सभी सड़कों पर फ्रांस की नीली जर्सी पहने हजारों प्रशंसक नजर आ रहे थे। जिनके हाथों में फ्रांस का राष्ट्रीय ध्वज है। फुटबॉल के दीवाने झूम रहे थे, नाच रहे थे और अपनी टीम की विश्व कप जीत का जश्न मना रहे थे।

फ्रांस ने 20 साल बाद फुटबॉल विश्व कप विजेता का खिताब अपने नाम किया है। फ्रांस की इस जीत का जश्न भारत में भी मनाया जा रहा है। दिल्ली स्थित फ्रांस के दूतावास में फ्रांसिसी जश्न मना रहे हैं। रोशनी के शहर पर फुटबॉल का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है।