हादसा : विमान से टकराया पक्षियों का झुंड, मक्के के खेत में कराई लैंडिंग, 233 यात्री थे सवार

विमान से पक्षियों के टकराने कई मामले हमने सुने होंगे ऐसा ही एक और मामला रूस से सामने आया है। यहां पक्षियों के विमान से टकराने के कारण आनन-फानन में विमान की लैंडिंग खेत में करवानी पड़ी। विमान में 233 यात्री सवार था। हालांकि, इस लैंडिंग में किसी भी तरह की जान माल की क्षति नहीं हुई और सभी यात्रियों को बचा लिया गया। इस लैंडिंग के दौरान विमान में सवार 23 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विमान की यह लैंडिंग किसी चमत्कार से कम नहीं थी। दरअसल, विमान ने मॉस्को के एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। लेकिन तभी पक्षियों का एक झुंड विमान से टकरा गया।

233 यात्रियों से भरे इस रूसी विमान की लैंडिंग में अगर थोड़ी भी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। मॉस्को एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले इस यूराल एयरलाइंस के विमान एयरबस 321 के इंजन में कई पक्षी फंस गए थे, जिसके कारण उड़ान भरने में दिक्कत आ रही थी। जिसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाई और विमान को नीचे उतारने का फैसला किया। हालांकि, एयरपोर्ट से एक किलोमीटर दूर होने के कारण पायलट को अचानक शहर के दक्षिणपूर्वी इलाके में मक्के के खेत में ही लैंडिंग करनी पड़ी। समुद्र और नदी में विमान को उतारना आसान है लेकिन किसी खेत में विमान को उतारने का फैसला जोखिम भरा है लेकिन पायलट ने यह जोखिम लिया और विमान को सकुशल लैंड करा लिया।

रूसी स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक विमान में सवार 233 लोगों में से 23 लोग घायल हुए हैं, लेकिन पायलट की समझदारी के कारण किसी भी यात्री की मौत की खबर नहीं है।