शीतलहर व ठंड का प्रकोप जारी, दिल्ली-NCR में बढ़ी ठिठुरन, UP के कई जिलों में आज बंद रहेंगे स्कूल

दिल्लीवालों को रविवार को कोहरे से जरूर राहत मिली, लेकिन बर्फीली हवाओं ने सर्दी का सितम ऐसा बढ़ाया कि मौसम ने ज्यादातर लोगों को छुट्टी के दिन घर में दुबकने को मजबूर कर दिया। पहाड़ों की बर्फबारी ने राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में ऐसी शीतलहर चला दी है कि पारा लुढ़कता ही जा रहा है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान 18 डिग्री तक रह सकता है। रविवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री रिकॉर्ड दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को मौसम की सबसे सर्द सुबह थी। पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी के चलते कई दिनों से कोहरा और शीतलहर का असर उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में दिखाई दे रहा है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में ठिठुरन के हालात बने हुए हैं।

बता दे, दिल्ली के साथ-साथ सर्दी का भीषण प्रकोप उत्तर प्रदेश में भी जारी है। शनिवार को पारा तेजी से लुढ़क कर अधिकतम 14.5 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं रविवार को दोपहर में धूप खिलने से पारा थोड़ा चढ़ा जरूर लेकिन शाम ढलने से पूर्व ही शीतलहर व ठंड ने सितम ढाना शुरू कर दिया। रविवार की सुबह भी घने कोहरे के साथ हुई थी, लेकिन 11 बजे तक तेज सर्द हवाओं के चलने के कारण कोहरा छंटने के साथ ही धूप निकली जरूर लेकिन अपेक्षित तेजी नहीं दिखा पाई। उधर सर्द हवाओं का चलन निरंतर जारी रहा तथा शाम में तो भयंकर शीतलहर का रूप अख्तियार कर लिया था। रविवार देर शाम से ही सर्द हवाओं ने जिले को अपने आगोश में लेना शुरू कर दिया तथा दिन ढलने के बाद से लोग ठंड से कंपकंपाते नजर आए। मौसम में हुए तेजी से बदलाव के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित होना शुरू हो गई है। शीतलहर व ठंड के चलते उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज जिलों में आज स्कूल बंद रहेंगे।