राजनाथ ने राहुल से पूछा - 'शस्त्र पूजा' में राफेल पर 'ऊं' नहीं तो क्या लिखता

हरियाणा (Haryana) के भिवानी में रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने कांग्रेस (Congress) के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर जमकर हमला बोला। राजनाथ सिंह ने राफेल (Rafale) की शस्त्र पूजा पर हुई बयानबाजी को लेकर राहुल गांधी से पूछा कि शस्त्र पूजा में ऊं नहीं लिखता तो क्या लिखता। दरअसल, विजयदशमी पर शस्त्र पूजा की परंपरा है। इस दौरान फ़्रांस द्वारा भारत को पहला राफेल दिया गया। जिसके लिए राजनाथ सिंह फ्रांस गए थे। राफेल लेने के दौरान राजनाथ सिंह ने विमान पर ऊं लिखा और पूजा भी की। इसके अलावा राजनाथ सिंह ने नारियल फोड़ा और राफेल विमान के टायर के नीचे नींबू भी रखा था। जिसके बाद देश में इस बात को लेकर बयानबाजी होने लगी। उसी के जवाब में राजनाथ सिंह ने ये बात कही।

कांग्रेस समेत कई दलों ने राजनाथ सिंह के इस कदम की निंदा की थी। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा था कि विजयादशमी को राफेल एयरक्राफ्ट से जोड़ना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा था कि राफेल विमान को एक त्योहार से क्यों जोड़ा जा रहा है? संदीप दीक्षित ने कहा कि इस सरकार के साथ यही समस्या है वे किसी भी कार्यक्रम को नाटकीय अंदाज देते हैं, जबकि कुछ करते नहीं हैं।

इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। राजनाथ सिंह ने कहा, 'जम्मू कश्मीर भारत का आंतरिक मामला है। मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहता हूं कि क्या वे कश्मीर मुद्दे का अंतरराष्ट्रीयकरण करना चाहते हैं?'

बता दें कि हरियाणा में इसी महीने विधानसभा चुनाव होना है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए 21 अक्टूबर को मतदान किया जाएगा। इसके बाद 24 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।