दिल्ली: तिहाड़ जेल में भिड़े दो गुट, 15 कैदी हुए घायल

दिल्ली की तिहाड़ जेल में एक बार फिर से कैदियों में हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। गुटों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में करीब 15 कैदी घायल हो गए है। इनमें से कुछ का इलाज अब भी चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार जेल में कैदियों के बीच वर्चस्व की जंग में यह वारदात हुई है।

तिहाड़ प्रशासन के मुताबिक, तिहाड़ जेल में कैदियों के हिंसक झड़प की यह वारदात 2 दिन पहले की है, जिसमें जेल नंबर 8 और 9 में बंद कैदियों के बीच झड़प हुई थी और इस घटना में 15 कैदी घायल हुए थे। तिहाड़ प्रशासन ने कहा कि कुछ कैदियों को प्राथमिक उपचार के बाद वापस जेल में शिफ़्ट कर दिया गया है। बाकी घायल कैदियों का जेल में ही इलाज चल रहा है। इस पूरे घटनाक्रम का जेल प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।

आपको बता दे, यह पहला मामला नहीं है, जब तिहाड़ जेल में कैदियों के बीच झड़प हुई है। इससे पहले फरवरी में भी तिहाड़ जेल में कैदियों के दो गुटों में झड़प हुई थी और इस घटना में सहायक जेल अधीक्षक और वार्डर भी घायल हुए थे। उस झड़प में 4 कैदियों को गंभीर चोटें आई थीं। यह घटना जेल नंबर 4 की थी। कैदियों के बीच जारी झगड़े में बीच-बचाव करने की कोशिश में सहायक जेल अधीक्षक भी घायल हुए थे।