CAA Protest: दिल्ली के कुछ इलाकों में इंटरेनट-कॉलिंग-SMS सुविधा बंद, कई क्षेत्रों में विरोध तेज, धारा 144 लागू

नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन जारी है। राजधानी दिल्ली में नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन तेज होता जा रहा है। अभी तक राजधानी में 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। मोबाइल नेटवर्क कंपनी एयरटेल की तरफ से बयान आया है कि सरकार की तरफ से उन्हें आदेश दिया गया है कि दिल्ली के कुछ इलाकों में वॉइस, एसएमएस, इंटरनेट की सुविधा को बंद कर दिया गया है। कंपनी ने बयान दिया है कि जब ये सस्पेंशन को हटा दिया जाएगा, तब सुविधा शुरू कर दी जाएगी। दिल्ली में इंटरनेट बंद करने को लेकर सबसे बड़ा कारण ये भी है क्योंकि जो भी प्रदर्शन हो रहे हैं वो व्हाट्सएप ग्रुप की वजह से हो रहे हैं। इसको लेकर कोई दल सामने नहीं आया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ इलाकों में प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में जुट रहे हैं और विरोध उग्र हो सकता है। जिसके बाद ऐहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।

दिल्ली पुलिस ने मंडी हाउस और लालकिला इलाके में धारा 144 लगा दी है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने सभी जिलों में अलर्ट जारी किया है। पुलिस अधिकारियो को प्रदर्शन पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही स्वराज इंडिया को रैली और प्रदर्शन की अनुमति भी नहीं दी। बावजूद इसके सभी संगठनों और वामदलों ने रैली निकालकर प्रदर्शन करने की बात कही है।

कई प्रदर्शनकारी हिरासत में

दिल्ली में कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, उमर खालिद समेत कई बड़े नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है। सभी नेता नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इससे पहले बेंगलुरु में रामचंद्र गुहा, लालकिला क्षेत्र में योगेंद्र यादव को भी हिरासत में ले लिया गया था।

वहीं लाल किले के पास रोक के बावजूद प्रदर्शन करने पहुंचे लोगों को अब पुलिस ने हिरासत में लेना शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए हैं। साथ ही कई रास्तों को भी बैरिकेडिंग कर रोक दिया गया है।


दिल्ली घुसने के रास्ते भी रोके

वहीं पुलिस ने दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस वे पर बैरिकेडिंग लगा कर रास्ता रोक दिया है। इस दौरान एक एक गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। इसके चलते हाईवे पर 8 किमी लंबा जाम लग गया है। हजारों की संख्या में लोग हाईवे पर फंस गए हैं।

बता दे, लेफ्ट पार्टियों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक के कई हिस्सों में बड़े प्रदर्शन की संभावना है। मुंबई में भी आज क्रांति मैदान में बड़ा विरोध प्रदर्शन होने वाला है। लेफ्ट पार्टियों ने केंद्र सरकार के द्वारा लाए गए नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ बंद बुलाया है। गुरुवार सुबह ही बिहार के कुछ इलाकों में लेफ्ट कार्यकर्ताओं ने ट्रेन को रोक दिया। दोपहर 2 बजे उत्तर प्रदेश के लखनऊ में लेफ्ट का प्रदर्शन होगा। इस दौरान परिवर्तन चौक से हजरतगंज तक मार्च होगा और गांधी प्रतिमा के पास धरना प्रदर्शन किया जाएगा। स्वराज इंडिया समेत कुल 60 संगठन आज लालकिले से अपने प्रदर्शन की शुरुआत करेंगे। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है।