CAA के समर्थन में BJP ने शुरू किया जन जागरण अभियान, नड्डा का कोलकाता में मार्च आज

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ देशभर में हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए बीजेपी ने अब जन जागरण अभियान चलाने का फैसला किया है। शनिवार को दिल्ली में हुई बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने तह किया है कि पार्टी घर घर जाकर नागरिकता संशोधन कानून के बारे में जानकारी देगी। बीजेपी ने देश भर में 1000 रैली करने का भी कार्यक्रम तय किया है। रैली में स्थानीय और केंदीय नेताओं को शामिल होने को कहा गया है। पार्टी ने यह भी तय किया है कि देश भर में 250 प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएं, जिसको केंदीय मंत्रियों के अलावा पार्टी के प्रवक्ता संबोधित करेंगे। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा की अध्यक्षता में दिल्ली में हुई बैठक में यह भी तय हुआ है कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक और गुजरात से लेकर गुवाहाटी तक देश के सभी वर्ग के लोगों से संपर्क किया जाए और विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम को दूर किया जाए।

जिसके चलते आज सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा कोलकाता में मार्च निकालेंगे। दोपहर 12 बजे सुबोध मलिक स्कवॉयर से इस मार्च की शुरुआत होगी और श्यामबाजार पर खत्म होगी। यहीं जेपी नड्डा रैली को संबोधित करेंगे। इससे पहले कोलकाता पुलिस ने जेपी नड्डा के मार्च को अनुमति देने से इनकार कर दिया था, हालांकि बाद में इजाजत दे दी।

राहुल गांधी से जेपी नड्डा ने पूछे तीन सवाल

बता दे, इससे पहले नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के समर्थन में इंदौर में आयोजित 'आभार सम्मेलन' में भाजपा (BJP) के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने कांग्रेस पर हमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से तीन प्रश्न भी पूछे।

पहला प्रश्न क्या उन्होंने वर्ष 1947 में हुए भारत के विभाजन का इतिहास पढ़ा है? उनके वक्तव्यों से तो कतई नहीं लगता कि उनके दिल में देश के उस बंटवारे का कोई दर्द है जब बर्बर नरसंहार के बीच लाखों लोगों को अपनी जान की सलामती और स्त्रियों को अपनी आबरू बचाने के लिये मातृभूमि को अचानक छोड़ना पड़ा था।

दूसरा प्रश्न यह कि क्या वे अपने राजनीतिक जीवन में कभी ऐसे कैंप में गए हैं जहां पाकिस्तान, बांग्लादेश से आए शरणार्थी रह रहे हैं।

तीसरा प्रश्न यह कि पिछले एक सप्ताह से देश में हिंसक आंदोलन हो रहा है, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, इसे रोकने के लिए आपने एक भी बयान क्यों नहीं दिया। मैं राहुल गांधी से यह कहना चाहता हूं कि वे सीएए की 10 लाइन बता दें और दो लाइन यह बता दें कि इससे क्या नुकसान है।

बता दे, नड्डा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वह सीएए पर जनता को गुमराह करते हुए एक वर्ग विशेष के लोगों को उकसा रही है और वोट बैंक को देश से ऊपर रखकर हिंसा की आग पर राजनीति की रोटियां सेंक रही है। सीएए की पैरवी करते हुए नड्डा ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति से नये नागरिकता कानून की अवधारणा साकार हो सकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह स्पष्ट शब्दों में कह चुके हैं कि मुस्लिम समुदाय के एक भी वैध नागरिक की नागरिकता नहीं छीनी जायेगी।

नड्डा ने दावा किया कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस की अगुवाई वाली पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी इस विचार का सार्वजनिक तौर पर समर्थन किया था कि धार्मिक प्रताड़ना के कारण पाकिस्तान से भारत आये लोगों को भारतीय नागरिकता दी जानी चाहिये।