गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं होगी पश्चिम बंगाल की झांकी : रक्षा मंत्रालय

26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में पश्चिम बंगाल की झांकी को शामिल करने से केंद्र सरकार ने मना कर दिया है। बुधवार को रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बंगाल सरकार की झांकी का प्रस्ताव विशेषज्ञ समिति के पास दो बार गया। दूसरी बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद इसे खारिज कर दिया गया। साल 2020 की गणतंत्र दिवस परेड में कुल 56 झांकियों के प्रस्ताव आए थे। इनमें 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्रालयों या विभाग से थे। इनमें से 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 22 प्रस्तावों और मंत्रालयों तथा विभागों की 6 झांकियों को परेड के लिए चुना गया है। इसके लिए विशेषज्ञ समिति ने 5 दौर की बैठक की। ब्राजील के राष्ट्रपति जैर बोल्सोनारो समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि बंगाल सरकार की झांकी का प्रस्ताव विशेषज्ञ समिति के पास दो बार गया। दूसरी बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद इसे खारिज कर दिया गया।

आपको बता दे, गणतंत्र दिवस परेड के लिए राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों से प्रस्ताव आमंत्रित किए जाते हैं। झांकी का चयन एक विशेषज्ञ समिति करता है, जिसमें कला, संस्कृति, चित्रकला, मूर्तिकला, संगीत, वास्तुकला और नृत्यकला से संबंधित व्यक्ति शामिल होते हैं। यह समिति प्रस्तावों पर विचार कर अपनी सिफारिश रक्षा मंत्रालय को भेजती है। समय की बाध्यता को देखते हुए सीमित संख्या में ही झांकियों का चयन होता है।

पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्र सरकार के बीच नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी को लेकर लगातार टकराव चल रहा है। गणतंत्र दिवस परेड में बंगाल की झांकी को शामिल न किए जाने से दोनों सरकारों में टकराव बढ़ सकता है।