CAA Protest: RJD ने किया बिहार बंद का ऐलान, भैंस लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, 'काला कानून नहीं चलेगा, मैं विदेशी नहीं...'

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पर देशभर में विरोध प्रदर्शन और बवाल जारी है। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद आज शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल ने बिहार बंद का आह्वान किया है। इस दौरान सुबह-सुबह बड़ी संख्या में आरजेडी कार्यकर्ता सड़कों पर निकले हैं। उनके हाथों में पोस्टर है जिसमें बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा गया है। आरजेडी कार्यकर्ताओं ने अररिया में एक ट्रेन रोक दी है। दरभंगा और वैशाली में भी प्रदर्शनकारियों ने सड़कें बंद करा दी है। सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में बिहार पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।

बिहार के हाजीपुर में आरजेडी कार्यकर्ता CAA के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। बंद समर्थकों ने हाजीपुर मुज्जफ्फरपुर NH-22 को भगवानपुर में बंद करा दिया है। RJD कार्यकर्ता भैंसो के साथ नेशनल हाईवे पर आ गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने भैंसों के ऊपर पोस्टर टांग रखी है, जिस पर लिखा है 'काला कानून नहीं चलेगा। मैं विदेशी नहीं भारतीय हूं।' नेशनल हाई वे पर कई जगहों पर टायर जला दिया गया है।

इससे पहले NRC और नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में शुक्रवार शाम को आरजेडी ने सभी जिलों में मशाल जुलूस निकाला। तेजस्वी यादव ने शांतिपूर्ण बंद की अपील की है।