अफगानिस्तान: राष्ट्रपति अशरफ गनी की रैली में आत्मघाती हमला, 24 लोगों की मौत

अफगानिस्तान (Afghanistan) के राष्ट्रपति अशरफ गनी (Ashraf Ghani) की रैली में मंगलवार को आत्मघाती हमला हुआ है। यह धमाका राष्ट्रपति की रैली में शामिल एक पुलिस वाहन के करीब हुआ। अफगानिस्तान के उत्तरी परवान सूबे में यह घटना हुई। इस हमले में अब तक 24 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल है। कहा जा रहा है कि ज्यादातर लोग वहां के आम नागरिक थे। रैली में महिलाएं और बच्चे भी पहुंचे थे। टोलो न्यूज़ के मुताबिक अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। एक सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक ये एक IED ब्लास्ट था। बताया जाता है कि धमाका रैली की एंट्रेंस गेट पर हुआ।
धमाके के वक्त राष्ट्रपति भी वहां मौजूद थे। लेकिन वो सुरक्षित हैं। राष्ट्रपति के चुनाव कैंपेन के प्रवक्ता हामिद अजीज ने कहा कि घटना के वक्त राष्ट्रपति अशरफ गनी मौके पर मौजूद थे, लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। अजीज ने कहा कि वह जल्दी ही इस घटना को लेकर पूरी डिटेल देंगे। प्रांतीय सरकार की प्रवक्ता वाहिदा शाहकर ने कहा कि यह धमाका मंगलवार को उस वक्त हुआ, जब राष्ट्रपति की रैली चल ही रही थी। बता दें कि इसी महीने अफगानिस्तान में राष्ट्रपति के चुनाव होने हैं, जिसके लिए फिलहाल चुनाव प्रचार तेजी से चल रहा है।