बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का कांग्रेस पर तीखा हमला, देशहित की अनदेखी करने का लगाया आरोप

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने एक बार फिर कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से कहा कि कांग्रेस मोदी सरकार का विरोध करने में इस कदर आगे बढ़ गई है कि अब वह राष्ट्रीय हितों को भी दरकिनार कर रही है। निशिकांत दुबे ने पाकिस्तान को मिलने वाली अंतरराष्ट्रीय मदद और भारत की ऐतिहासिक भूमिका को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।

निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला


अपने पोस्ट में निशिकांत दुबे ने लिखा, कांग्रेस का एक और झूठ — 1965 और 1971 के युद्धों के बाद भारत ने IMF, वर्ल्ड बैंक और ADB में पाकिस्तान को लोन दिए जाने पर वॉकआउट किया था, क्योंकि वोटिंग सिस्टम के कारण विरोध के सीमित तरीके थे। हाल ही में एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) द्वारा पाकिस्तान को 800 मिलियन डॉलर के लोन दिए जाने पर भारत ने विरोध जताया था। भारत का कहना था कि यह धनराशि पाकिस्तान की सैन्य गतिविधियों में इस्तेमाल हो सकती है।

पाकिस्तान को मिली भारी आर्थिक मदद

निशिकांत दुबे ने बताया कि 1965 के बाद से पाकिस्तान को अमेरिका, चीन, सऊदी अरब जैसे देशों से करीब 100 बिलियन डॉलर की आर्थिक और सैन्य मदद मिली है। इसके अलावा IMF, वर्ल्ड बैंक और ADB जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों ने भी पाकिस्तान को लगभग 150 बिलियन डॉलर की सहायता प्रदान की है।

कांग्रेस से किया यह सवाल

निशिकांत दुबे ने कांग्रेस से सवाल उठाया कि क्या वह केवल मोदी सरकार का विरोध करने के लिए देशहित के मसलों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा, अब समय आ गया है कि हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर भारतीय सेना का हौसला बढ़ाएं। कश्मीर का वह हिस्सा जो पाकिस्तान के कब्जे में है, वह हमारा है और हम उसे वापस लाएंगे।

देश की एकता और सुरक्षा के लिए दिया संदेश


बीजेपी सांसद ने साफ तौर पर कहा कि राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखकर अब देश की अखंडता और सुरक्षा के लिए एक साथ खड़े होने का समय है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभक्ति और एकता का परिचय दें।