अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) अपनी टिप्पणियों को लेकर अक्सर विवादों में रहते है। इस बार उन्होंने आने वाले तूफानों को लेकर अजीब सा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि तूफानों पर देश में पहुंचने से पहले ही परमाणु बम गिरा देने चाहिए ताकि उनका असर खत्म हो जाए। एक्सियोस नाम की एक समाचार वेबसाइट ने यह खबर दी है। वेबसाइट में कहा गया है कि तूफान को लेकर हुई एक बैठक में ट्रंप ने जानना चाहा कि क्या अफ्रीका के तट पर तूफान बनने की प्रक्रिया को बाधित करने के लिए तूफान पर ही परमाणु बम गिराया जा सकता है?
एक अज्ञात सूत्र ने बताया कि बैठक में शामिल हुए सदस्य यह कहते हुए निकले, 'हम इसका क्या करें?' वेबसाइट में हालांकि यह नहीं बताया गया है कि यह बातचीत कब हुई।ट्रंप के इस बयान पर व्हाइट हाउस ने कुछ भी कहने से मना कर दिया है लेकिन एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ट्रंप का ‘उद्देश्य बुरा नहीं है।’ वेबसाइट के मुताबिक, ट्रंप का यह विचार नया नहीं है। इससे पहले 1950 में राष्ट्रपति ड्वाइट आइजनहोवर के कार्यकाल में एक सरकारी वैज्ञानिक ने यह सलाह दी थी। अमेरिका में अक्सर तूफान आते रहते हैं।