डायबिटीज की ओर इशारा करते हैं ये लक्षण, नजरअंदाज करना सेहत के साथ खिलवाड़ जैसा

भारत में करोड़ों लोग डायबिटीज यानी मधुमेह जैसी खतरनाक बीमारी से पीड़ित हैं और दुनियाभर की बात की जाए तो 42 करोड़ से भी अधिक लोग इससे प्रभावित हैं। अब तो बच्चों में भी इस बीमारी का असर दिखने लगा हैं। समय रहते इस बीमारी का पता ना चले तो यह शरीर के अन्य अंगों को क्षतिग्रस्त कर सकती हैं। आज इस कड़ी में हम आपको कुछ ऐसे लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं जो डायबिटीज की ओर इशारा करते हैं। इन लक्षणों को नजरअंदाज करना सेहत के साथ खिलवाड़ करने जैसा हैं। तो आइये जानें इन संकेतों को और रहें सतर्क।

बहुत ज्यादा और बार बार प्यास लगना

अगर आपको बहुत ज्यादा प्यास लगती है और बार-बार लगती है और उसके बाद लगातार बाथरूम जाना पड़ रहा है तो आपको डॉक्टर से जरूर संपर्क करना चाहिए, क्योंकि यह टाइप-2 डायबिटीज का लक्षण हो सकता है।

घाव ठीक न होना या देर से ठीक होना

अगर आपके शरीर में कहीं घाव है और वो जल्दी ठीक नहीं हो रहा है तो ऐसा खून में शुगर लेवल बढ़ने की वजह से हो सकता है। टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों में यह समस्या काफी ज्यादा होती है। ऐसे में आपको डॉक्टर से जरूर दिखाना चाहिए।

धुंधला दिखना

डायबिटीज के कारण इंसान की आंखें भी खराब हो सकती हैं। अगर आपको भी आंखों के सामने काले रंग के धब्बे तैरते नजर आने लगें या फिर धुंधला दिखने लगे तो हो सकता है कि आपको डायबिटीज हो। ऐसे में आपको डॉक्टर से जांच कराने की जरूरत है।

पैरों में सूई या पिन गड़ने जैसी झनझनाहट महसूस होना

कई लोगों को ऐसा महसूस होता है कि जैसे वो रूई के फाहों पर चल रहे हैं या फिर नुकीले पत्थरों पर चल रहे हैं। अगर आपके साथ भी ऐसी दिक्कत होती है तो आपको तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। यह डायबिटीज का लक्षण हो सकता है।

अचानक वजन कम होना

अगर आप अच्छे से खाना-पीना सब कर रहे हैं, लेकिन फिर भी आपका वजन अचानक कम होते जा रहा है तो संभल जाएं, क्योंकि यह डायबिटीज का लक्षण हो सकता है। ऐसे में आपको डॉक्टर से जरूर संपर्क करना चाहिए।