मजबूत पाचन शक्ति में आँतों की महत्वपूर्ण भूमिका, इन तरीकों से करें देखभाल

किसी भी व्यक्ति के स्वस्थ शरीर के लिए उसकी पाचन शक्ति का मजबूत होना बहुत जरूरी हैं। और मजबूत पाचन शक्ति में आँतों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए आतों की देखभाल करना बेहद जरूरी हैं। सीधे तौर पर यह कहें की आँतों के स्वस्थ होने से शरीर का स्वस्थ होना जुड़ा हैं, तो गलत नहीं होगा। इसलिए आज हम आपके लिए कुछ ऐसे तरीके लेकर आए हैं जो आँतों की देखभाल के लिए बहुत कारगर हैं। तो आइये जानते हैं किस तरह आँतों को स्वस्थ रखा जा सकता हैं।
* लीन मीट खायें

अगर आप मांसाहारी हैं तो लीन मीट खायें, इससे आंतों की गतिविधियां दुरुस्त होती हैं। लीन मीट खाने से यह आसानी से पच जाता है और आंतें अच्छे से कार्य करती हैं। इसके अलावा इसमें पौष्टिक तत्व होते हैं जो इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं। लीन मीट जैसे कि मछली का सेवन कीजिए। इसमें प्रोटीन होता है जो पाचन क्रिया को दुरुस्त करने के साथ प्रोटीन की कमी को भी पूरा करता है।

* खूब पानी पियें

पानी पीने के कई फायदे हैं, इससे हम अपने शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालते हैं साथ ही अपनी आंतों को भी स्वस्थ रखते हैं। अगर आप फाइबर की अधिक मात्रा में लेते हैं, और इसके साथ पर्याप्त पानी नहीं पीते हैं तो आपकी आंतों को नुकसान हो सकता है। इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करना फायदेमंद है। रोज 8-10 गिलास पानी का सेवन करने से आंतें स्वस्थ रहती हैं।

* प्रोबॉयोटिक्स का सेवन कीजिए

हमारी आंतों को स्वस्थ रखने के लिए प्रोबॉयोटिक्स को अपने आहार में शामिल कीजिए। कई शोधों में भी यह बात साबित हो चुकी है कि प्रोबॉयोटिक्स आंतों की बीमारियों और अल्सरेटिव कोलाइटिस जैसी बीमारियों को दूर करने में मददगार होता है। हमारी आंतों में असंख्य बैक्टीरिया होते हैं, इनमें से कुछ रोग का कारण भी हो सकते हैं और जो अच्छे होते हैं, वे आहार को पचाने का काम करते हैं। ये हमारी पाचन क्रिया को संतुलित भी रखते हैं। प्रोबॉयोटिक मुख्यत: डेयरी उत्पादों में ही होता है, जैसे दूध व दही।

* अधिक न खायें

अपनी भूख से अधिक खाने से कई तरह की स्वास्थ्य की समस्यायें हो जाती हैं। अधिक खाने से न केवल वजन बढ़ता है साथ ही इससे हमारी आंतों की सक्रियता कम हो जाती है, क्योंकि अधिक खाने को पचाने में आंतों को अधिक मेहनत करना पड़ता है। इसलिए आंतों को स्वस्थ रखने के लिए स्वस्थ और पौष्टिक आहार का सेवन कीजिए।

* फाइबर का अधिक सेवन करें

अपने आहार में उच्च फाइबरयुक्त आहार को शामिल कीजिए, यह आसानी से पच जाता है, और आंतों को अधिक सक्रिय भी रखता है। वसायुक्त और संसाधित खाद्य पदार्थो से दूर रहें, ये कब्ज और अन्य पाचन समस्याओं को जन्म देती हैं। इनकी जगह फाइबर युक्त संतुलित खाद्य पदार्थों को अपने आहार में शामिल करें। सब्जियां, फल, अनाज और नट्स में मौजूद फाइबर आपकी आंतों को ठीक प्रकार से कार्य करने में मदद करते हैं।

* नियमित व्यायाम करें

अगर आप चाहते हैं कि आपके शरीर के सभी अंग सही तरीके से काम करें और आप बीमारियों से बचें रहें तो इसका एक ही तरीका है, नियमित व्यायाम। नियमित व्यायाम करने से पाचन क्रिया दुरुस्त होती है और आंतों की क्षमता भी बढ़ती है। इसलिए आंतों को स्वस्थ रखने के लिए रोज 30-40 मिनट तक व्यायाम करना जरूरी है।