प्रेगनेंसी के दौरान करें इन 9 हेल्दी ड्रिंक्स का सेवन, जच्चा-बच्चा दोनों के लिए रहेगा अच्छा

गर्भावस्था का समय किसी भी महिला के लिए एक अद्भुद अहसास होता हैं जिसमें वे अपने अंदर एक जिंदगी को पनपने दे रही होती हैं। इस दौरान महिलाओं को अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत होती हैं ताकि बच्चे का सही से विकास हो सके एवं किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े। इसके लिए सबसे जरूरी होता हैं स्वस्थ खानपान। प्रेगनेंसी के दौरान कई महिलाओं को प्रतिदिन 300 अतिरिक्त कैलोरी की जरूरत होती है। ऐसे में आपको पर्याप्त मात्रा में लिक्विड लेना चाहिए जो आपको हमेशा फिट, हेल्दी और हाइड्रेटेड रखें। इसलिए आज इस कड़ी में हम आपको कुछ ऐसी हेल्दी ड्रिंक्स की जानकारी देने जा रहे हैं जिनका सेवन प्रेगनेंसी के दौरान किया जा सकता हैं। तो आइये जानते हैं इन ड्रिंक्स के बारे में...

दूध

गर्भवती महिलाओं के लिए दूध पीना काफी फायदेमंद होता है। अकसर घर के बड़े, बुजुर्ग गर्भवती होने पर दूध पीने की सलाह देते हैं। दूध में कैल्शियम, विटामिन बी12 और प्रोटीन से भरपूर होता है, जो अजन्मे बच्चे के बेहतर विकास में मदद करता है। अगर आप लैक्टोज इनटॉलेरेंट हैं, तो दूध के बजाय सोया दूध पी सकते हैं। इसमें भी प्रोटीन और कैल्शियम भी अधिक होता है, जो आपके बच्चे के बेहतर हड्डियों के विकास में मदद करता है।

वेजिटेबल जूस

ताजा वेजिटेबल जूस पीना भी सेहत के लिए अच्छा होता है। प्रेगनेंसी में रोजाना की पोषक तत्वों की पूर्ति करने के लिए आप ताजा वेजिटेबल जूस भी पी सकती हैं। इनमें उच्च मात्रा में आवश्यक पोषक तत्व होते हैं और खूब फाइबर भी मिलता है। इसमें फोलिक एसिड भी होता है जो शिशु को न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट से बचाता है। गाजर के जूस में बीटा-कैरोटीन होता है जो गर्भ में शिशु की आंखों के विकास को बढ़ावा देता है और कोशिकाएं एवं ऊतकों के निर्माण में मदद करता है। आप पालक, ब्रोकली का भी जूस पी सकती हैं।


नारियल पानी

सभी लोगों के लिए नारियल पानी पीना काफी लाभकारी होता है। गर्भावस्था में नारियल पानी को डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। इसमें इलेक्ट्रोलाइट्स और मिनरल्स भरपूर होते हैं। यह बच्चे के विकास में मदद करता है। नारियल पानी डिहाइड्रेशन, कब्ज और हीट स्ट्रोक से भी बचाता है।

घर पर बना एप्पल जूस

शरीर की कमजोरी दूर करने और पानी की कमी पूरी करने के लिए एप्पल जूस बहुत अधिक फायदेमंद होता है। लेकिन घर पर ही एप्पल जूस बनाकर पिएं। इसके लिए सेब को धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। फिर इसे जूसर में पीस लें। आपका एप्पल जूस तैयार है। अब इसे आराम से थोड़ी-थोड़ी देर में पिएं। ब्रेकफास्ट में एप्पल जूस पीना विशेष तौर पर फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन ए प्रचूर मात्रा में होता है जो आपकी और आपके होने वाले बच्चे की आंखों को हेल्दी रखता है।

फ्रूट मॉकटेल

गर्भावस्था में फलों का सेवन करना फायदेमंद होता है। अगर आप किसी पार्टी में हैं, तो फलों के रस से मॉकटेल बना सकती हैं। मॉकटेल को आप अपने हाथों से फलों के रस से बनाएं। इस दौरान आपको शराब, बीयर आदि के सेवन से परहेज करना चाहिए।

स्मूदी

गर्भावस्था के दौरान स्मूदी महिलाओं के लिए बेस्ट नाश्ता हो सकता है। यह गर्भवती महिलाओं की विटामिन, मिनरल्स और प्रोटीन की जरूरतों को पूरा करने में मदद करता है। इसके लिए आप केला, स्ट्रॉबेरी, कीवी, सेब आदि की स्मूदी बनाकर पी सकती हैं।

छाछ
गर्मियों में छाछ पीना काफी फायदेमंद माना जाता है। छाछ कैल्शियम से युक्त होती है और गर्मी के मौसम में हाइड्रेट रहने के लिए आप छाछ पी सकते हैं। इसमें पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने के लिए प्रोबायोटिक बैक्टीरिया होते हैं। इससे प्रेगनेंसी में होने वाली गैस से भी राहत मिल सकती है।

नींबू पानी

गर्मियों में नींबू पानी पीते ही शरीर को ठंडक मिलती है, फ्रेश और अच्छा महसूस होता है। नींबू पानी शरीर को हाइड्रेट रखता है और कम हुए इलेक्ट्रोलाइट को पूरा करता है। इसमें विटामिन-सी प्रचुर मात्रा में होता है जो कि शरीर में लाल रक्त कोशिकाएं बनाने के लिए आयरन के अवशोषण में मदद करता है। नींबू पानी मॉर्निंग सिकनेस को भी दूर कर सकता है और यह ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल करता है।

पानी

गर्भावस्था में पर्याप्त मात्रा में पानी पीनी बहुत जरूरी होता है। पानी पीने से शरीर से विषाक्त पदार्थ बाहर निकलते हैं, शरीर भी हाइड्रेटेड रहता है। पानी पीने से मिचली, मूड बेहतर रहता है। आप चाहें तो पानी को हेल्दी तरीके से पी सकती हैं, जैसे इसमें पुदीना, नींबू आदि मिलाकर। प्रतिदिन 3-4 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए।