हरियाणा के कैथल में एक सीवर साफ करने वाले कर्मचारी को बचाने गए शख्स की मौत हो गई है। दरअसल, सेक्टर-18 में सीवरेज की सफाई करते हुए एक कर्मचारी सीवर में नीचे उतरा था। वह अंदर ही बेसुध हो गया। उसे बचाने के लिए वहां से गुजर रहा एक युवक सीवर में उतर गया। काफी समय इंतजार करने के बाद जब दोनों की बाहर नहीं निकले तो आसपास के लोगों के तुरंत पुलिस और फायरब्रिगेड को फोन किया। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला तो सफाई कर्मचारी बेसुध मिला, जबकि उसे बचाने गए युवक की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर को कैथल के सेक्टर-18 में करीब 4 सफाई कर्मचारी सीवर साफ कर रहे थे। 25 वर्षीय सफाईकर्मी मोनू सीवर में नीचे उतरा हुआ था। अचानक से मोनू बेसुध हो गया। उसके बेसुध होने पर दूसरे सफाईकर्मियों ने शोर मचा दिया। वहां से काकोत गांव का सतीश (30) बाइक लेकर जा रहा था। उसने बाइक रोकी और मामला पता चलते ही मोनू की मदद के लिए सीवर में नीचे उतर गया। काफी देर बाद न तो मोनू बाहर आया और न ही सतीश। इतने में पुलिस, फायरब्रिगेड की टीम व आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
सभी ने मिलकर दोनों को बाहर निकाला। दोनों बेसुध सी हालत में बाहर आए। आनन-फानन में सिविल अस्पताल में ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया जबकि मोनू की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई रेफर कर दिया।
मोनू के परिजन कैथल के एक निजी अस्पताल में ले गए। मोनू को वहां भर्ती करवाया गया है। घटनास्थल पर मौजूद सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रहलाद राय का कहना है कि पुलिस ने सतीश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया है।














