महाराष्ट्र के पालघर में 16-17 अप्रैल की दरमियानी रात दो साधुओं और उनके ड्राइवर की ग्रामीणों ने चोरी के शक में पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस दौरान पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने थे। इस मामले में 100 से अधिक लोग गिरफ्तार किए गए थे।
वहीं, अब उत्तर प्रदेश में साधुओं की हत्या की वारदात सामने आई है। बुलंदशहर के अनूपशहर कोतवाली में दो साधुओं की सोमवार रात हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, अनूपशहर कोतवाली के पगोना गांव में एक शिव मंदिर है। मंदिर में रहने वाले 55 वर्षीय साधु जगनदास और 35 वर्षीय साधु सेवादास की सोमवार रात धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी।
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो साधुओं के लथपथ शव देखकर भड़क गए। देखते ही देखते मंदिर में सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इस बीच एक शख्स पर शक जताते हुए भीड़ ने उसकी जबरदस्त पिटाई कर दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गई और आरोपी शख्स को अपनी कस्टडी में ले लिया। इसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।














