मुंबई में रविवार सुबह कांदिवली वेस्ट की साबरिया मस्जिद के पीछे मौजूद एक जर्जर मकान अचानक गिर गया है। इस मकान में मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। इसकी जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों और पुलिस ने एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुंबई में आपदा प्रबंधन विभाग के कंट्रोल रूम को सुबह 6:10 बजे ये सूचना मिली थी की कांदिवली वेस्ट की साबरिया मस्जिद के पीछे मौजूद एक मकान अचानक गिर गया है। इस घटना की जानकारी के तुरंत बाद मौके पर आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों और पुलिस को भेजा गया। इसके बाद स्थानीय लोगों और एजेंसियों की मदद से मौके पर मौजूद तीन लोग बाहर निकाल लिए गए। इसके बाद 9 और लोग मलबे से बाहर निकाले गए। रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रशासन ने कुल 12 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि अधिकारियों ने इस बात की ओर इशारा किया है कि कांदिवली में जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां पर 4-5 लोग और भी ऐसे हैं जो कि मलबे में दबे हो सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में दबे लोगों को निकालकर स्थानीय अस्पताल में शिफ्ट कराया गया है। इसके अलावा स्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। मौके पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी भेजा जा रहा है, जिससे कि घटना के बाद फंसे लोगों तक जल्द मदद पहुंचाई जा सके। हालांकि इस हादसे में अभी तक किसी के भी जान गंवाने की सूचना नहीं मिली है।














