17 मई के बाद दिल्ली में क्या-क्या खुलना चाहिए इसके लिए दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को सुझाव भेजे है। सीएम केजरीवाल ने कहा कि पिछले 24 घंटे में 5 लाख से ज्यादा सुझाव आए हैं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बुधवार शाम तक 5 लाख से ज्यादा सुझाव दिल्ली की जनता ने दिए हैं। दिल्ली सीएम ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लॉकडाउन करना आसान था लेकिन दोबारा सब खोलने में बहुत मेहनत लगेगी। उन्होंने आगे बताया कि दिल्लीवालों ने उन्हें 5 लाख से ज्यादा सुझाव दिए हैं। केजरीवाल ने इनमें से कुछ को पढ़कर भी सुनाया।
सीएम ने कहा कि अधिकतर लोगों ने कहा है कि स्कूल-कॉलेज या अन्य शैक्षणिक संस्थान नहीं खुलने चाहिए। गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल-कॉलेज खुलें। स्पा या रेस्टोरेंट को लेकर भी लोगों ने यही बात कही है।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि सुझाव मिले हैं कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाया जाए, मास्क न पहनने वालों पर सख्त ऐक्शन लिया जाए। लोगों ने पार्क में जाने की इजाजत मांगी है, जिससे योग और वॉक की जा सके।
सुझावों का जिक्र करते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कई लोगों स्कूल-कॉलेज को अभी नहीं खोलने का सुझाव दिया है, वहीं कुछ लोगों ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए स्कूल-कॉलेज खोले जाएं। इस सुझाव पर हम चर्चा करेंगे और केंद्र को प्रस्ताव भेजेंगे।
सुझाव में कई लोगों ने कहा कि होटल को बंद रखा जाए लेकिन रेस्टोरेंट को खोल दिया जाए क्योंकि बाहर खाना खाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है। सभी लोगों ने नाई की दुकानों को बंद करने का प्रस्ताव दिया है क्योंकि इससे संक्रमण फैल सकता है।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि सुझाव मिले हैं कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाया जाए, मास्क न पहनने वालों पर सख्त ऐक्शन लिया जाए। साथ ही लोगों ने पार्क में जाने की इजाजत मांगी है जिससे योग और वॉक की जा सके।
ट्रांसपोर्ट के ऊपर सुझाव दिए गए हैं कि ऑटो रिक्शा, टैक्सी चलाई जानी चाहिए। कहा गया है कि ऑटो मे एक सवारी और टैक्सी में दो सवारी के साथ उन्हें चलने देना चाहिए। बसों और मेट्रो को भी शर्तों के साथ खोलने के सुझाव हैं। मार्केट असोसिएशन वालों ने भी सुझाव दिए हैं और कहा है कि ऑड-ईवन करके दुकानें खुलनी देनी चाहिए।
केजरीवाल ने कहा कि फिलहाल पूरे भारत में आपदा प्रबंधन ऐक्ट लागू है ऐसे में केंद्र सरकार के पास ज्यादा शक्तियां होती हैं। केंद्र ही राज्य सरकारों को निर्देश देता है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि आज शाम को 4 बजे LG के साथ बैठक होगी। इसमें दिल्ली के लोगों द्वारा दिए गए सुझावों पर बातचीत होगी। इसके बाद दिल्ली में लॉकडाउन के बीच क्या ढील दी जाए इस पर फैसला लिया जाएगा। अब केंद्र सरकार के ऊपर है वह दिल्ली को कितनी छूट देगी।














