वर्तमान समय में भी प्रेम विवाह को सभी की रजामंदी के साथ निभा पाना इतना आसान नहीं हैं। अक्सर देखा गया हैं कि प्रेम विवाह के मामलों में प्रेमी युगल के परिजन अपराध की ओर रूख कर लेते हैं और कई ऐसे कदम उठा लेते हैं जो कानून और मानवता के खिलाफ हो। ऐसा ही कुछ देखने को मिला मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के मछरी गांव में जहां अपनी आन की खातिर एक किशोरी की हत्या कर परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना पर श्मशान घाट पहुंची पुलिस ने अस्थियां कब्जे में ले लीं।
![ऑनर किलिंग का मामला, किशोरी की हत्या कर गुपचुप किया अंतिम संस्कार, माता-पिता से हो रही पूछताछ news,latest news,crime news,honor killing,meerut news,uttar pradesh news,crime in up,body burnt after killing teenager]()
पुलिस के अनुसार गांव की किशोरी ज्योति (17) का गांव के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों को इसका पता चला तो उन्होंने सख्ती शुरू कर दी। करीब डेढ़ माह पहले किशोरी अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर दौराला पुलिस ने दोनों को दिल्ली से बरामद कर किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। बृहस्पतिवार को दौराला पुलिस को सूचना मिली कि परिजनों ने किशोरी की हत्या कर दी है और गुपचुप शव का अंतिम संस्कार कर रहे हैं। सूचना पर जब तक पुलिस श्मशान घाट पहुंची तब तक शव का अंतिम संस्कार हो चुका था। पुलिस ने किशोरी की अस्थियों को कब्जे में ले लिया।
सीओ दौराला पंकज सिंह ने बताया कि पुलिस की तरफ से किशोरी के परिवार के पांच लोगों पर ऑनर किलिंग का मुकदमा दर्ज कराया गया है। किशोरी के माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।