कोरोना संकट / दुनिया में 1 लाख 70 हजार 423 लोगों की मौत, अमेरिका / 24 घंटे में 1,939 लोगों की गई जान

By: Pinki Tue, 21 Apr 2020 08:44:49

कोरोना संकट / दुनिया में 1 लाख 70 हजार 423 लोगों की मौत, अमेरिका / 24 घंटे में 1,939 लोगों की गई जान

दुनियाभर में अब तक कोरोना वायरस (Coronavirus) से 24 लाख 81 हजार लोग संक्रमित हो चुके है और 1 लाख 70 हजार 423 लोगों की मौत हो चुकी है। 6 लाख 46 हजार 675 इस वायरस से निजात पाकर अस्पताल से अपने घरों को चले गए है। कोरोना वायरस महामारी का बड़ा असर दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका पर पड़ा है। रोजाना यहां हजारों नए मामले सामने आ रहे हैं और काफी लोग मर रहे हैं। अमरिका में 24 घंटे में 1,939 लोगों की जान गई है और 28 हजार 123 मरीज मिले हैं। यहां अब तक 42 हजार 514 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस महामारी ने हमें सिखाया है कि देश में अपनी एक सप्लाई चेन बनानी होगी। गौरतलब है कि इस महामारी के दौरान काफी सहायता के लिए अमेरिका को दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ा।

अमेरिका / न्यूयॉर्क में करीब 19000 मौतें


अमेरिका में सबसे ज्यादा कोरोना से प्रभावित जो राज्य रहा वह न्यूयॉर्क है, जहां अब तक 18 हजार 929 लोगों की जा जा चुकी है। न्यूयॉर्क स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को बताया कि न्यूयॉर्क स्टेट में अभी तक दो लाख 47 हजार 512 संक्रमित हैं जबकि न्यूयॉर्क शहर में यह आंकड़ा एक लाख 36 हजार 806 है। इससे पहले न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने बताया कि रविवार को न्यूयॉर्क में 478 संक्रमितों की मौत हुई है जबकि शनिवार को 507 लोगों ने जान गंवाई थी।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसपर चिंता जताते हुए कहा है कि हमें अपनी खुद की सप्लाई चेन बनानी होगी जो पूरे देश में एक्टिव रह पाए। दरअसल, अमेरिका मेडिकल से जुड़ा सामान काफी कम मात्रा में बनाता है, ऐसे में उसे इसके लिए चीन, फ्रांस, जर्मनी जैसे देशों की मदद लेनी पड़ी। तो वहीं हाइड्रॉक्सीक्लोक्वीन के लिए भारत के सामने मदद की गुहार लगानी पड़ी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस में कहा कि हम दूसरे देशों पर निर्भर नहीं हो सकते हैं, हमें जो करना होगा अपने देश में करना होगा। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दूसरे देशों पर निर्भरता को घटाना जरूरी हो गया है। टेस्टिंग कीट को लेकर ट्रम्प ने राज्यों के गवर्नरों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उन लोगों को पता ही नहीं है कि टेस्ट करने की सही प्रक्रिया क्या है। राज्यों के पास पर्याप्त टेस्टिंग की क्षमता है।

अमेरिकी कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट

अमेरिकी कच्चे तेल की कीमतों में सोमवार को ऐतिहासिक 105% की गिरावट दर्ज की गई। पहली बार तेल की कीमतें माइनस 2 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) के मई वितरण में 300% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। कोरोना संकट की वजह से दुनियाभर में घटी तेल की मांग के चलते इसकी कीमतें लगातार गिर रही हैं। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब अमेरिकी कच्चे तेल की कीमत इतनी नीचे पहुंची है।

डोनाल्ड ट्रंप ने कच्चे तेल को लेकर भी बयान दिया और कहा कि अब अमेरिका अपने स्टॉक को पूरा करेगा। डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि अगले कुछ दिनों में अमेरिका 75 मिलियन बैरल कच्चे तेल को रिजर्व करेगा, जो कि उसके खुद के इस्तेमाल के लिए होगा।

इटली में संक्रमण के मामलों में कमी आई

इटली में पहली बार संक्रमण के मामलों में कमी आई है। बीबीसी के मुताबिक, सिविल प्रोटेक्शन एजेंसी की चीफ एजेंलो बोरेली ने कहा कि पहली बार देश में संक्रमण के मामलों में कमी आई है। सोमवार तक यहां 1 लाख 8 हजार 237 मरीज हैं, जो या तो अस्पताल में भर्ती हैं या घर में क्वारैंटाइन हैं। रविवार को 486 एक्टिव केस का इजाफा हुआ था। अमेरिका और स्पेन के बाद इटली तीसरा देश है, जहां संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले हैं। यहां अब तक 24000 से ज्यादा मौतें हुई हैं, जबकि एक लाख 81,228 संक्रमित हैं।

इजराइल में 177 मरीजों की मौत

इजरायल में 59 नए मामले आने के बाद देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13,713 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि देशभर में अब तक 177 मरीजों की मौत हो गई है। 4,049 मरीज अब तक ठीक भी हो गए हैं। इसके अलावा 149 मरीज इंटेंसिव केयर में भर्ती हैं। इनमें से 99 वेंटीलेटर मशीन पर हैं।

चीन को झटका

वहीं, इन सबके बीच खबर है कि चीन में सक्रिय करीब 1000 कंपनियां अब भारत में मौके की तलाश कर रही हैं। बिजनेस टुडे की एक खबर के मुताबिक कोरोना वायरस के कारण चीन में विदेशी कंपनियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस माहौल में लगभग 1000 विदेशी कंपनियां भारत में एंट्री की सोच रही हैं। इनमें से करीब 300 कंपनियां भारत में फैक्ट्री लगाने को पूरी तरह से मूड बना चुकी हैं। इस संबंध में सरकार के अधिकारियों से बातचीत भी चल रही है। केंद्र सरकार के अधिकारी के मुताबिक कोरोना वायरस के नियंत्रण में आने के बाद स्थिति हमारे लिए बेहतर होगी और भारत वैकल्पिक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरेगा।

कोरोना वायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित देश

अमेरिका - 7 लाख 92 हजार 759 संक्रमित, 42 हजार 514 मौत
स्पेन 2 लाख 210 संक्रमित, 20 हजार 852 मौत
इटली 1 लाख 81 हजार 228 संक्रमित, 24 हजार 114 मौत
फ्रांस 1 लाख 55 हजार 383 संक्रमित, 20 हजार 265 मौत
जर्मनी 1 लाख 47 हजार 065 संक्रमित, 4 हजार 862 मौत
ब्रिटेन 1 लाख 24 हजार 743 संक्रमित, 16 हजार 509 मौत
तुर्की 90 हजार 980 संक्रमित, 5 हजार 209 मौत
ईरान 83 हजार 505 संक्रमित, 5 हजार 209 मौत
चीन 82 हजार 747 संक्रमित, 4 हजार 632 मौत

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com