उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर गुरुवार सुबह 748 हो गई। यूपी में गुरुवार को कोरोना के 21 नए मरीज सामने आए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन के दौरान ऐसा मानवीय चेहरा सामने आया है, जिसकी खूब तारीफ हो रही है। यहां, एक लावारिस महिला की मौत हो गई तो उसकी अर्थी को कंधा देते हुए सहानपुर पुलिस के जवानों ने बेटे का फर्ज निभाया। यह मामला बड़गांव थाने के किशनपुर गांव का है। पुलिस के इस कदम ने लोगों का दिल जीत लिया।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस के इस कदम की तारीफ की है। सहानपुर के किशनपुर गांव में बुधवार को लावारिस महिला को वर्दीवालों ने कंधा देते हुए अंतिम यात्रा भी निकाली। एक लावारिस दलित महिला की मौत होने पर पुलिसवालों ने बेटे का फर्ज निभाकर अंतिम संस्कार किया।
Policemen from Ps Badgaon Saharanpur carried the mortal remains of an elderly woman who died today. Since she had no one left in her family, my men became her family and carried her for cremation..proud of u boys @Uppolice @saharanpurpol @myogiad
जब महिला को पुलिस के कंधा देने वाला वीडियो वायरल हुआ तो तो मुख्यमंत्री सूचना सेल ने भी इसकी तारीफ की। सूचना सेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप लॉकडाउन के दौरान पुलिस का मानवीय और संवेदनशील पक्ष उजागर हुआ है।
दरअसल, गांव की दलित परिवार की वृद्ध मीना के पति हरिया की चार साल पहले मौत हो गई थी। महिला के परिवार में और कोई नहीं बचा था। महिला कई महीने से बीमार चल रही थी। खबर मिलने पर सहारनपुर पुलिस ने मंगलवार को ही मीना को नानौता के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान बुधवार को महिला की मौत हुई, तो अंतिम संस्कार करने वाला कोई नहीं था। इस पर थाने के एसएसआई दीपक चौधरी, सिपाही गौरव और विनोद ने बेटे का फर्ज निभाते हुए महिला को कंधा दिए। पुलिस ने गांववालों के सहयोग से महिला का अंतिम संस्कार किया। पुलिस की इस संवेदनशीलता की सोशल मीडिया पर काफी सराहना हो रही है।














