देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 34 हजार 862 हो गई है। गुरुवार को महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 583, गुजरात में 313, राजस्थान में 144, पंजाब में 105, मध्यप्रदेश में 65 समेत 1799 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 10 हजार के पार हो गई है। कोरोना संकट में घिरी अर्थव्यवस्था को संभालने की रणनीति पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बैठक बुलाई। इसमें गृहमंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर मौजूद थे। मोदी ने महामारी और लॉकडाउन के बीच कोल और खनन सेक्टर में सुधारों के साथ अर्थव्यवस्था में जान फूंकने के उपाय सुझाने को कहा। इस दौरान विदेशी निवेश आकर्षित करने और स्थानीय निवेश को बढ़ाने के उपाय खोजने पर जोर दिया गया। कोरोना वायरस महामारी का संकट जैसे-जैसे बढ़ रहा है, सरकार अपनी रणनीति में बदलाव कर रही है।
हर जिले और राज्य की मौजूदा स्थिति के अनुसार स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से 3 मई के बाद यानी अगले हफ्ते के लिए जिलों को अलग-अलग हिसाब से बांटने का काम किया गया है। देश में अभी भी जिले रेड, ग्रीन और ऑरेंज जोन में बंटे हुए हैं, लेकिन अबकी बार इसके पैमाने को बदला गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा केस की संख्या, डबलिंग रेट और टेस्टिंग के हिसाब से जिलों की नई लिस्ट तैयार की गई है। नए नियमों के अनुसार, अगर किसी जिलें में पिछले 21 दिनों से कोई कोरोना का नया मामला नहीं आया तो वह ग्रीन जोन में आएगा। पहले ये समय 28 दिनों का था।
3 मई के बाद की लिस्ट के लिए 130 जिले रेड जोन, 284 ऑरेंज जोन और 319 जिले ग्रीन जोन में शामिल किए गए हैं। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु, अहमदाबाद को स्वास्थ्य मंत्रालय ने अभी भी रेड जोन में ही रखा है। इसके अलावा महाराष्ट्र के 14, दिल्ली के 11, तमिलनाडु के 12, उत्तर प्रदेश के 19, बंगाल के 10, गुजरात के 9, मध्य प्रदेश के 9, राजस्थान के 8 जिले रेड जोन में शामिल हैं।
बिहार के 20, उत्तर प्रदेश के 36, तमिलनाडु के 24, राजस्थान के 19, पंजाब के 15, मध्य प्रदेश के 19, महाराष्ट्र के 16 जिले ऑरेंज जोन में शामिल हैं। वहीं, असम के 30, छत्तीसगढ़ के 25, अरुणाचल प्रदेश के 25, मध्य प्रदेश के 24, ओडिशा के 21, उत्तर प्रदेश के 20, उत्तराखंड के 10 जिले ग्रीन जोन में शामिल हैं। अगर एनसीआर की बात करें तो दिल्ली के सभी जिले रेड जोन में हैं, हरियाणा का गुरुग्राम ऑरेंज और फरीदाबाद रेड जोन में है। उत्तर प्रदेश का गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, आगरा, सहारनपुर रेड जोन में और गाजियाबाद, हापुड़, शामली ऑरेंज जोन में है।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
28 अप्रैल - 1902
25 अप्रैल - 1835
29 अप्रैल - 1702
23 अप्रैल - 1667
26 अप्रैल - 1667
- मध्यप्रदेश में अब तक 2625 संक्रमित मामले सामने आ चुके है। यहां, गुरुवार को 65 नए मामले सामने आए। राज्य में इस बीमारी से अब तक 137 मरीजों की मौत हो चुकी है।
- उत्तरप्रदेश में अब तक 2211 संक्रमित मामले सामने आ चुके है। प्रदेश में गुरुवार को 77 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। राज्य में कुल संक्रमितों में 1053 जमाती और उनके संपर्क में आए लोग हैं। 551 लोग ठीक हो चुके हैं। 40 की मौत हुई है। संक्रमण राज्य के 75 में से 60 जिलों में फैल चुका है।
- महाराष्ट्र में अब तक 10498 संक्रमित मामले सामने आ चुके है। यहां, गुरुवार को 583 नए मरीज मिले। इनमें से 25 केस मुंबई के हॉट स्पॉट धारावी में सामने आए। धारावी में अब संक्रमितों की संख्या 369 हो गई है। उधर, महाराष्ट्र सरकार ने दूसरे राज्यों में फंसे अपने मजदूरों को वापस लाने की तैयारी कर ली है। इसके लिए 10 हजार बसें भेजी जाएंगी।
- राजस्थान में अब तक 2582 संक्रमित मामले सामने आ चुके है। यहां, गुरुवार को संक्रमण के 144 मामले आए। इनमें से जोधपुर में 59, जयपुर में 14, अजमेर में 4, चित्तौड़गढ़ में 3, कोटा और टोंक में 2-2, जबकि अलवर और धौलपुर में 1-1 मरीज मिला। प्रदेश में अब तक कोरोना से 58 लोगों की जान गई है।
- दिल्ली में अब तक 3515 संक्रमित मामले सामने आ चुके है। यहां, गुरुवार को CRPF के 6 और जवान संक्रमित मिले। इनमें से एक जवान अर्धसैनिक बल की नेशनल कबड्डी टीम का खिलाड़ी है। पहले इसी बटालियन में कोरोना के 47 केस सामने आ चुके हैं। पिछले दिनों एक सब इंस्पेक्टर की मौत भी हो गई थी।














