महाराष्ट्र में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। यहां सिर्फ 3 जिले ही ग्रीन जोन में हैं, जबकि 14 ऑरेंज और 18 जिले रेड जोन में है। इन 18 जिलों में ही 8000 से ज्यादा कोरोना वायरस के मरीज हैं। जाहिर है कि इन इलाकों में सरकार लॉकडाउन खत्म करने का खतरा मोल नहीं लेगी। सरकार यहां लॉकडाउन बढ़ाने पर विचार कर रही है। सोमवार को राज्य में कोरोना के 522 नए मामले सामने आए, जबकि 27 लोगों की मौत हुई। इसके साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8590 हो गई। मरने वालों का आंकड़ा 369 हो गया। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 395 मामले मुंबई में सामने आए, जबकि 15 लोगों की मौत हुई है। मुंबई में कोरोना के कुल 5589 केस हैं। वहीं, अब तक 219 लोगों की मौत हुई है।
तीन पुलिसकर्मियों की मौत
महाराष्ट्र में अब तक तीन पुलिसकर्मियों की कोरोना से मौत हो गई है। वहीं, 100 से ज्यादा संक्रमित है। सोमवार को एक और पुलिसकर्मी की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई। राज्य में अब तकतीन कोरोना पॉजिटिव पुलिसकर्मी जान गंवा चुके हैं। पुलिस के अनुसार, कुर्ला ट्रैफिक डिविजन में तैनात 56 साल के पुलिस हवलदार का सोमवार को अस्पताल में निधन हो गया, वे कोरोना संक्रमित थे। इससे पहले नवी मुंबई निवासी एक 53 साल के हवलदार ने भी कोरोना से रविवार को दम तोड़ा था। वे रोजाना कमोठे से दक्षिण मुंबई स्थित ऑफिस बस से आते थे। शनिवार को भी वाकोला पुलिस में तैनात 57 साल के एक हवलदार की कोरोना से मौत हो गई थी। वे नायर अस्पताल में भर्ती थे और वर्ली स्थित पुलिस आवास में परिवार के साथ रहते थे। राज्य में वर्तमान समय में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित हैं।
दो हॉस्पिटल्स में प्लाज्मा थैरेपी शुरू हुई
वहीं, कोरोना को हराने के लिए मुंबई के लीलावती और सेवनहिल्स हॉस्पिटल में प्लाज्मा थैरेपी की शुरुआत की गई। अभी तक दोनों हॉस्पिटल में एक-एक मरीज को प्लाज्मा चढ़ाया गया है। इन दोनों की हालत काफी खराब थी। फिलहाल, इनकी मॉनिटरिंग की जा रही है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे लगातार इस थेरेपी को लेकर प्रयास कर रहे थे जिससे उम्र दराज और बीमार व्यक्ति के कोरोना संक्रमण से दूर किया जा सके जिस पर उन्हें सफलता हासिल हुई। मुंबई के संरक्षक मंत्री असलम शेख बताते है कि इससे सरकार उन मरीजों को ठीक कर सकता है जो काफी बीमार है, खासरकर धारावी और दूसरे मुंबई के इलाके में इसके जरिए काफी मदद मिलेगी।
वहीं, महाराष्ट्र में अब तक 1 लाख से अधिक लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है, जो देश में सबसे ज्यादा है। राज्य में 48 सरकारी और निजी लैब हैं, पिछले कुछ दिनों में रोजाना करीब 8-10 हजार लोगों की जांच हो रही है। लगातार हो रही हजारों जांचों को देखते हुए बीएमसी की ओर से महाराष्ट्र के सबसे बड़े जेजे हॉस्पिटल में एक दिन में 2200 टेस्ट करने की तैयारी की जा रही है। इतनी बड़ी संख्या में टेस्ट सुविधा वाला यह संभवतः देश का सबसे बड़ा सेंटर होगा। इसके लिए हॉस्पिटल को एक नई मशीन मिली है, जो रोज 2 हजार सैम्पल टेस्ट कर सकती है। फिलहाल, अस्पताल के लैब में रोज 200 सैम्पल की जांच होती है।














