पिछले 24 घंटों में भारत में कोरोना वायरस के 1993 नए केस रिपोर्ट हुए हैं। इससे हमारी कुल कंफर्म पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़कर अब 35043 हो चुकी है। इनमें 25007 एक्टिव केसों का अभी विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पिछले 24 घंटों में देखें 554 लोग ठीक हो चुके हैं। जिससे कि हमारे यहां ठीक हुए मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 8888 हो चुकी है। इस तरह हम देखते हैं तो पाते हैं कि हमारा रिकवरी रेट निरंतर बढ़ते हुए अब 25.37% हो चुका है। गुरुवार को यह 25.19% थी।
319 जिले ग्रीन जोन में
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन ने बताया कि देश के राज्यों के अलग-अलग जिलों को रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बांटा है। मंत्रालय ने कोरोना मामलों की संख्या, डबलिंग रेट और टेस्ट के हिसाब से जिलों की नई सूची बनाई है। 130 जिले रेड जोन में हैं। 284 जिले ऑरेंज और 319 जिले ग्रीन जोन में हैं। रेड और ऑरेंज जोन में स्वास्थ्य विभाग की टीम का फोकस है। खासतौर पर रेड जोन वाले जिलों में 3 मई के बाद भी सख्ती जारी रखी जाएगी ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके।
देशभर में फंसे लोगों की आवाजाही के लिए चलाई जाएंगी स्पेशल ट्रेनें
केंद्र सरकार ने देश के विभिन्न राज्यों में फंसे हुए प्रवासी मजदूरों, छात्रों, सैलानियों व अन्य लोगों की आवाजाही के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की शुक्रवार को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री आवास पर आज हुई बैठक में इस बारे में फैसला हुआ। इस मीटिंग में पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा, गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री पीयूष गोयल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, कैबिनेट सचिव राजीव गौबा और पीएम के प्रधान सचिव पीके मिश्रा शामिल रहे। मंत्रालय की संयुक्त सचिव पीएस श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य सरकारें इसके लिए रेलवे बोर्ड से संपर्क करके प्लान तैयार कर लें। ट्रेनों से आवाजाही के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा। ट्रेनों को पहले सैनिटाइज किया जाएगा और हर किसी की स्क्रीनिंग होगी। मंत्रालय ने राज्यों को यह भी निर्देश दिया है कि वह बॉर्डर पर ट्रकों को बिल्कुल न रोकें। फिर वह खाली ट्रक ही क्यों न हो। ऐसे ट्रकों के लिए कोई स्पेशल पास नहीं होगा।














