प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'जनता कर्फ्यू' का आह्वान किया था। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अतुल भार्गव ने बताया कि पीएम मोदी के जनता कर्फ्यू के आह्वान के बाद रविवार को कनाट प्लेस बंद रहेगा। उन्होंने कहा कि इस परिस्थिति में हमें सावधानी बरतने की जरूरत है। इससे पहले दिल्ली में कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर मेट्रो अधिकारियों ने परामर्श जारी कर यात्रियों से अपील की थी कि वे बहुत ज्यादा जरूरी होने पर ही मेट्रो में सफर करें। इसके साथ ही रविवार को 'जनता कर्फ्यू' के दौरान दिल्ली मेट्रो की सेवाएं बंद रहेंगी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने विज्ञप्ति जारी कर बताया, '22 मार्च को जनता कर्फ्यू को देखते हुए दिल्ली मेट्रों ने अपनी सेवाएं बंद रखने का फैसला किया है।' विज्ञप्ति में कहा गया है, 'इस कदम का उद्देश्य लोगों को घरों में ही रहने के लिए प्रोत्साहित करना है क्योंकि कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए सामाजिक दूरी जरूरी है।'
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि कोविड -19 खतरे के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सभी मॉल बंद रहेंगे लेकिन किराना और दवाइयों की दुकानों को इससे छूट दी जाएगी। उन्होंने ट्वीट किया, 'मौजूदा हालात के मद्देनजर, हम सभी मॉल (उनमें किराना, दवाइयों की दुकानें और सब्जियों की दुकानें छोड़कर) बंद कर रहे हैं।














