कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक हुई। इस बैठक में सोनिया ने मोदी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने सवाल किया कि यह तय करने का सरकार का मापदंड क्या है कि लॉकडाउन (Coronavirus Lockdown)कितने लंबे समय तक जारी रहेगा? सोनिया गांधी ने कहा कि 17 मई के बाद क्या? 17 मई के बाद कैसे? मोदी सरकार के पास लॉकडाउन को लेकर आगे की क्या रणनीति है? बैठक में सोनिया गांधी की बात का समर्थन करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा, 'जैसा की सोनिया जी कह रही हैं कि लॉकडाउन 3.0 के बाद क्या? हम भी जानना चाहते हैं कि सरकार के पास आगे का क्या प्लान है। राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लॉकडाउन के तीसरे चरण के बाद की रणनीति पता होनी चाहिए।'
Congress President Smt. Sonia Gandhi holds a meeting with Congress Chief Ministers to review how States are tackling COVID19 & the lockdown and assess their needs. pic.twitter.com/Pu6xFpmnJL
— Congress (@INCIndia) May 6, 2020
किसानों को लेकर सोनिया ने कहा, ‘हम अपने किसानों खासकर पंजाब और हरियाणा के किसानों का धन्यवाद करते हैं कि जिन्होंने तमाम दिक्कतों के बावजूद गेहूं की शानदार उपज पैदा करते हुए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की है।'
बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कोविड के साथ लड़ाई में बुजुर्गों, डायबिटिक और हार्ट मरीजों को बचाना अहम है। वहीं, पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि राज्यों के सामने वित्तीय संकट गहराता जा रहा है, केंद्र सरकार की ओर से कोई धन आवंटित नहीं किया जा रहा है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, 'जब तक व्यापक प्रोत्साहन पैकेज नहीं दिया जाता, तबतक राज्य और देश कैसे चलेंगे? हमने 10 हजार करोड़ का राजस्व खो दिया है। राज्यों ने पैकेज के लिए बार-बार प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है लेकिन हमारी बात को अनसुना कर दिया गया है।'
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने लॉकडाउन पर केंद्र के दृष्टिकोण की आलोचना की। उन्होंने कहा, 'दिल्ली में बैठे लोग जमीनी हकीकत जाने बिना कोविड-19 के जोनों का वर्गीकरण कर रहे हैं, जो चिंताजनक है।'
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्हें तत्काल सहायता प्रदान करने की आवश्यकता है। छत्तीसगढ़ एक ऐसा राज्य है, जहां 80 फीसदी लघु उद्योग फिर से शुरू हो गए हैं और लगभग 85,000 श्रमिक काम पर लौट आए हैं।
बैठक में राजस्थान, पंजाब, छत्तीसगढ़ और पुदुचेरी के मुख्यमंत्रियों ने केंद्र से राहत पैकेज की मांग की है। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और पुदुचेरी के सीएम नारायणसामी ने राहत पैकेज की मांग की है।














