भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में 21 दिन यानी 14 अप्रैल तक लॉकडाउन कर दिया गया है। लोगों को घर पर रहने के लिए कहा गया है। इस फैसले के बाद बस से लेकर ट्रेन तक और हवाई जहाज से लेकर ऑटो, टैक्सी तक पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में राजस्थान के एक कोल्ड स्टोर में काम करने वाले 14 मजदूरों ने अपने घर बिहार लौटने के लिए जो किया वो जानकर आप हैरान रह जाएंगे।
14 मजदूर कोल्ड स्टोर बंद होने के बाद राजस्थान से बिहार आने के लिए पैदल ही निकल गए और तीन दिनों तक लगातार चलने के बाद वो सिर्फ आगरा पहुंच पाए हैं। इस दौरान सड़क पर भूख-प्यास की वजह से उनकी हालत बेहद खराब हो गई।
तीन दिनों की यात्रा के बाद भी अभी उन्हें अपने घर पहुंचने के लिए अभी करीब 1000 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। इन मजदूरों ने बताया कि वो सभी जयपुर के एक कोल्ड स्टोरेज में काम करते थे। अभी उन्हें काम शुरू किए हुए सिर्फ 25 दिन ही हुए थे कि पूरे जयपुर को लॉकडाउन कर दिया गया। लॉकडाउन होने के बाद कोल्ड स्टोरेज के मालिक ने उन्हें 2000 हजार रुपये दिए और घर लौट जाने को कहा क्योंकि स्टोरेज को भी बंद कर दिया गया है। इन मजदूरों ने बताया कि जब वो जयपुर से पैदल निकले तो उन्हें कर्फ्यू की वजह से कई जगह पुलिस ने रोका लेकिन किसी वाहन से नहीं होने की वजह से उन्हें जाने दिया।
वहीं, आपको बता दे, देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की गिनती में तेजी से इजाफा हो रहा है। अब तक 582 मामले सामने आ चुके है। इसमें 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 46 लोग ठीक होकर अस्पताल से अपने घर को चले गए है। कोरोना से सबसे अधिक महाराष्ट्र और केरल प्रभावित हैं। महाराष्ट्र में 112 और केरल में 105 केस सामने आए हैं।














