बिहार में मोदी की पहली चुनावी रैली, बोले- 370 पलटने की बात करने वाले किस मुंह से मांग रहे वोट
इन लोगों को आपकी जरूरतों से कभी सरोकार नहीं रहा। इनका ध्यान रहा है अपने स्वार्थों पर, अपनी तिजौरी पर। यही कारण है कि भोजपुर सहित पूरे बिहार में लंबे समय तक बिजली, सड़क, पानी जैसी मूल सुविधाओं का विकास नहीं हो पाया।
Posts by : Priyanka Maheshwari |
Updated on: Fri, 23 Oct 2020 12:49:24
सासाराम में बिहार चुनाव की अपनी पहली जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर से आर्टिकल-370 हटने का इंतजार देश बरसों से कर रहा था या नहीं। ये फैसला हमने लिया, एनडीए की सरकार ने लिया, लेकिन आज ये लोग इस फैसले को पलटने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'ये लोग कह रहे हैं कि सत्ता में आए तो आर्टिकल 370 फिर लागू कर देंगे। इतना सब कहकर ये बिहार के लोगों से वोट मांगने की हिम्मत कर रहे हैं। क्या बिहार के लोगों का अपमान नहीं है। ये लोग जिसकी चाहे मदद ले लें, देश अपने फैसलों से पीछे नहीं हटेगा।'
मोदी बोले, 'इन लोगों को आपकी जरूरतों से कभी सरोकार नहीं रहा। इनका ध्यान रहा है अपने स्वार्थों पर, अपनी तिजौरी पर। यही कारण है कि भोजपुर सहित पूरे बिहार में लंबे समय तक बिजली, सड़क, पानी जैसी मूल सुविधाओं का विकास नहीं हो पाया।'
मोदी बोले, 'आपने इन्हें भरोसे के साथ सत्ता सौंपी थी, लेकिन उन्होंने इसे कमाई का जरिया बना लिया। जब सत्ता से बेदखल किया, तो उनके अंदर जहर भर गया। 10 साल तक यूपीए की सरकार में रहते हुए बिहार पर गुस्सा निकाला। ये लोग बिहार की हर योजना को लटकाने और भटकाने वाले हैं। 15 साल तक अपने शासन के दौरान इन्होंने बिहार को लूटा-खसोटा है।'
भारत की विकास यात्रा में अहम योगदान देने वाले बिहार आकर बेहद खुश हूं। सासाराम की रैली में मेरा संबोधन... https://t.co/zRiGRqaNXJ
— Narendra Modi (@narendramodi)
मोदी बोले, 'साथियों, बिहार के लोग कभी कन्फ्यूजन में नहीं होते। चुनाव के इतने दिन पहले ही अपना स्पष्ट संदेश दे रहे हैं। जितनी रिपोर्ट आ रही हैं, सब में यही आ रहा है कि बिहार में फिर एक बार एनडीए सरकार बनने जा रही है।'
मोदी बोले, 'कोरोना से बचने के लिए जिस तरह यहां सरकार ने काम किया, उसके नतीजे आज दिख रहे हैं। दुनिया के अमीर देशों की हालत किसी से छिपी नहीं है। अगर बिहार में तेजी से काम नहीं हुआ होता तो महामारी हमारे कितने लोगों की जान ले लेती। कितना हाहाकार मचता, इसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता। लेकिन, बिहार सारी सावधानियों का पालन करते हुए लोकतंत्र का पर्व मना रहा है।'
मोदी बोले, 'चुनाव में कुछ लोग भ्रम फैलाने के लिए एक-दो चेहरों को बड़ा दिखाने लग जाते हैं। कुछ लोगों के उभरने की बातें फैलाई जाती हैं, लेकिन इससे वोटिंग पर फर्क नहीं पड़ता। बिहार के लोगों ने मन बना लिया है कि जिनका इतिहास बिहार को बीमार को बीमारू बनाने का है, उन्हें आसपास भी फटकने नहीं देंगे।'
मोदी बोले, 'वो दिन घर की बिटिया घर से निकलती थी, वो जब तक लौटकर न आए, माता-पिता की सांस अटकी रहती थी। वो लोग जिन्होंने एक-एक नौकरी को लाखों-करोड़ों कमाने का जरिया माना, वे फिर ललचाई नजरों से देख रहे हैं। हमें याद रखना है कि बिहार को इतनी मुश्किलों में डालने वाले कौन थे। 2014 में केंद्र में सरकार बनने के बाद बिहार को डबल इंजन की ताकत मिली, राज्य में ज्यादा तेजी से काम हुआ है।'
मोदी बोले, 'कोरोना के दौरान करोड़ों गरीब बहनों के खाते में करोड़ों की मदद भेजी, कई गैस कनेक्शन दिए गए। देश जहां संकट का समाधान करते हुए आगे बढ़ रहा है, ये लोग हर संकल्प के सामने रोड़ा बनकर खड़े हैं। देश को बिचौलियों-दलालों से मुक्त कराने का फैसला लिया, ये लोग उन्हीं के पक्ष में खड़े हैं। किसान तो बहाना है, उनके लिए तो बिचौलियों-दलालों को बचाना है।’
मोदी बोले, 'राफेल के लिए भी ये लोग बिचौलिए-दलाल की भाषा बोल रहे थे। इनके लिए देशहित नहीं, दलालों का हित ज्यादा महत्वपूर्ण है। जब बिचौलियों-दलालों पर चोट होती है, तब-तब ये लोग बौखला जाते हैं। ये लोग देश को कमजोर कर रहे लोगों का साथ देने से भी चूकते।’
मोदी बोले, 'तब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री हुआ करता था। नीतीश कहते थे कि दिल्ली को बिहार का अखाड़ा मत बनाइए। उनके साथ मिलकर नीतीशजी ने सरकार बनाई। सब जानते हैं कि उन 18 महीनों में क्या हुआ? नीतीश इस खेल को भांप गए कि बिहार 15 साल पीछे चला जाएगा। बिहार के विकास के लिए हम फिर नीतीशजी के साथ आए। मुझे अभी नीतीशजी के साथ काम करते हुए 4-5 साल ही हुआ है।’
मोदी बोले, 'आज बिहार के हर गांव तक सड़क पहुंच रही है। बिहार की नदियों पर आधुनिक पुल बन रहे हैं। सोन नदी पर कितने पुल कागजों पर बन रहे थे। अब यहां फोरलेन पुल बनाया जा रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों-पुलों पर काम चल रहे हैं। रेलवे स्टेशनों का सौंदर्यीकरण जारी है। कनेक्टिविटी सुधारने के लाभ यहां के लोगों को मिलेगा।’
मोदी बोले, 'आत्मनिर्भरता के संकल्प को मजबूत करने के लिए नीतीशजी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार जरूरी है। मुझे खुशी है कि बूथ लेवल पर सभी कार्यकर्ता मजबूती से जुटे हुए हैं। आप सभी समय निकालकर हमें आशीर्वाद देने आए, इसका धन्यवाद।’
मोदी बोले, 'जब-जब, बिचौलियों और दलालों पर चोट की जाती है, तब-तब ये तिलमिला जाते हैं, बौखला जाते हैं। आज हालत ये हो गई है कि ये लोग भारत को कमजोर करने की साजिश रच रहे लोगों का साथ देने से भी नहीं हिचकिचाते।'