महाराष्ट्र स्थित मुंबई में पुलिस ने रिपब्लिक टीवी के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी (Arnab Goswami) को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। उन पर एक इंटीरियर डिजाइनर को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। बता दें टेलीविजन पत्रकार अर्नब गोस्वामी और दो अन्य पर आरोप है कि उन्होंने इंटीरियर डिजाइनर को कथित रूप से उनकी बकाया राशि नहीं चुकाई, जिसके चलते 53 वर्षीय इस डिजाइनर और उनकी मां को आत्महत्या करना पड़ा। इसी साल मई में महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले की सीआईडी द्वारा फिर से जांच करने के आदेश दिए थे।
इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक की बेटी आज्ञा नाइक ने उस वक्त दावा किया था कि रायगढ़ जिले में अलीबाग पुलिस ने बकाया राशि न दिए जाने के मामले की जांच नहीं की थी, इसलिए अन्वय और उनकी मां को आत्महत्या का कदम उठाना पड़ा।
इस मामले राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने ट्वीट किया था, 'आज्ञा नाइक ने मुझसे शिकायत की थी कि अर्नब गोस्वामी के रिपब्लिक द्वारा बकाया राशि न दिए जाने के कारण उनके पिता और दादी ने मई 2018 में आत्महत्या कर ली थी और अलीबाग पुलिस ने इसकी जांच नहीं की थी।
NCP नेता ने कहा था, 'मैंने इस मामले की जांच सीआईडी से कराने का आदेश दिया है।' इस महीने की शुरुआत में रिपब्लिक टीवी और दो अन्य के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था। कथित तौर पर अन्वय नाइक द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट में कहा गया था कि आरोपियों ने उनके 5।40 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया था इसलिए उन्हें आत्महत्या का कदम उठाना पड़ा। रिपब्लिक टीवी ने उस वक्त आरोपों को खारिज कर दिया था।
प्रकाश जावड़ेकर ने कही ये बातकेंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावेडकर ने अर्नब पर पुलिसिया करवाई की निंदा की है और इसे आपातकाल की घटना की संज्ञा दी है। प्रकाश जावड़ेकर ने अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी की निंदा की है और महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोला है। प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट किया, 'हम महाराष्ट्र में प्रेस की आजादी पर हमले की निंदा करते हैं। यह प्रेस के साथ बर्ताव का तरीका नहीं है। यह हमें आपातकाल के उन दिनों की याद दिलाता है जब प्रेस के साथ इस तरह से व्यवहार किया गया था।' उन्होंने एक और ट्वीट किया जो हिन्दी में है, उसमें लिखा, 'मुंबई में प्रेस-पत्रकारिता पर जो हमला हुआ है वह निंदनीय है। यह इमरजेंसी की तरह ही महाराष्ट्र सरकार की कार्यवाही है। हम इसकी भर्त्सना करते हैं।'
स्मृति ईरानी ने भी उठाए सवालप्रकाश जावेडकर के अलावा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी अर्नब की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘फ्री प्रेस में जो लोग आज अर्नब के समर्थन में नहीं खड़े हैं, वे फासीवाद के समर्थन में हैं। आप उसे पसंद नहीं कर सकते हैं, आप उसे स्वीकार नहीं कर सकते हैं, आप उसके अस्तित्व को तुच्छ समझ सकते हैं, लेकिन अगर आप चुप रहते हैं तो आप दमन का समर्थन करते हैं।’