भारत में अर्धसैनिक बलों के जवान कोरोना वायरस की चपेट में आ रहे हैं। जवानों में संक्रमण का आंकड़ा 500 को पार कर गया है। कुल संक्रमित जवानों के 95% मामले दिल्ली से हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ), बॉर्डर सिक्युरिटी फोर्स (बीएसएफ), इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी), सेंट्रल इंडस्ट्रियल पुलिस फोर्स (सीआईएसएफ) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के 514 जवान संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, इसके साथ ही 5 लोगों की मौत भी हो गई है। अर्धसैनिक बलों के 450 से ज्यादा संक्रमित जवान केवल दिल्ली के हैं। दरअसल, पिछले कुछ महीनों से सीएए और एनआरसी को लेकर चल रहे विरोध के कारण अर्धसैनिक बलों के कई जवानों की ड्यूटी दिल्ली में लगाई गई थी।
किस बल के कितने जवान संक्रमित?
- BSF के 215 जवान संक्रमित हुए हैं और दो की मौत हो चुकी है। पिछले एक हफ्ते में BSF में संक्रमितों की संख्या बढ़ी है
- CRPF की ओर से बताया गया है कि उनके 162 जवान संक्रमित हैं और 1 जवान की मौत हुई है
- ITBP के भी 85 जवान संक्रमित मिले हैं। आईटीबीपी ने ही सबसे पहले विदेशों से आने वाले भारतीयों के लिए क्वारैंटाइन सेंटर बनाया था
- दिल्ली मेट्रो और एयरपोर्ट में सुरक्षा देने वाली CISF के 35 जवान कोरोना से संक्रमित हुए हैं
- भारत-नेपाल बार्डर पर सुरक्षा देने वाली SSB के 17 जवान संक्रमित मिले हैं। सभी दिल्ली में तैनात थे














