सलमान खान इन दिनों अपनी फिल्म ‘भारत’ को सोशल मीडिया पर प्रमोट करने में लगे हैं। वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी तस्वीरें जारी करते रहते हैं। आज कुछ घंटे पहले सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ‘भारत’ से एक और लुक शेयर किया है। इस तस्वीर के साथ सलमान खान लिखते हैं- ‘जितने सफेद बाल मेरे सिर और दाढ़ी में हैं, उससे कहीं ज्यादा रंगीन मेरी जिन्दगी रही है।’ जाहिर है सलमान का यह लुक उनकी आने वाली फिल्म ‘भारत’ के लिए है। सलमान का ऐसा अंदाज इससे पहले शायद ही कभी देखा होगा। डैशिंग और हैंडसम सलमान को बूढ़ा देखकर दर्शकों को हैरानी हो सकती है। तस्वीर के साथ सलमान ने फिल्म ‘भारत’ के निर्देशक अली अब्बास जफर समेत फिल्म की अभिनेत्री कैटरीना कैफ, तब्बू, दिशा पटानी और सुनील ग्रोवर आदि को भी टैग किया है। यह फि़ल्म 5 जून को प्रदर्शित हो रही है। उससे पहले 24 अप्रैल को इस फिल्म का ट्रेलर जारी किया जाएगा। इस ट्रेलर को हॉलीवुड फिल्म ‘एवेंंजर्स : एंड गेम’ के साथ जोड़ा जाएगा।














