मदर डेयरी ने दिल्ली-NCR में दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 12 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। फुल क्रीम दूध सबसे ज्यादा 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है, जबकि टोंड, डबल टोंड और गाय के दूध की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। दूध के नए दाम लागू होने के बाद दिल्ली में लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने इसे मामूली बढ़ोतरी बताया, तो कई लोगों ने महंगाई के बीच इसे घरेलू बजट पर एक और बोझ करार दिया।
मदर डेयरी ने दिल्ली-NCR में अपने अलग-अलग लिक्विड मिल्क वेरिएंट के दाम संशोधित किए हैं। नई दरों के मुताबिक, फुल क्रीम दूध अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, पैकेट वाले टोंड दूध की कीमत 60 से बढ़कर 62 रुपये हो गई है।
दिल्ली-NCR में मदर डेयरी के नए रेटये सभी कीमतें प्रति लीटर हैं। कंपनी की ओर से घोषित नई दरें 12 नवंबर से लागू हैं।
कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर दिल्ली के लोगों की राय अलग-अलग है। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि बाजार में पहले से ही हर चीज महंगी हो रही है। ऐसे में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी से उन्हें बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। हालांकि, उन्होंने दूध की गुणवत्ता को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, मदर डेयरी के उत्पादों पर लोगों का भरोसा है और कीमत बढ़ने के बाद भी गुणवत्ता अच्छी रहनी चाहिए।
एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि दूध की कीमत बढ़ने का असर केवल दूध खरीदने तक सीमित नहीं रहता। दूध से कई तरह के खाद्य पदार्थ और दूसरे उत्पाद तैयार होते हैं, इसलिए इसकी लागत बढ़ने से उनसे जुड़ी चीजें भी महंगी हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि कीमत बढ़ने के बावजूद उत्पाद में मिलावट नहीं होनी चाहिए और गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
एक महिला उपभोक्ता ने कहा कि दूध ऐसी जरूरत है, जिसे परिवार के लिए खरीदना ही पड़ता है। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी को दूध की आवश्यकता होती है। ऐसे में कीमतें बढ़ने पर आम परिवारों के पास अतिरिक्त खर्च उठाने के अलावा ज्यादा विकल्प नहीं बचता।
उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे दूध के दाम काफी बढ़ चुके हैं और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ता है। महंगाई का बोझ जनता को उठाना पड़ता है, जबकि सरकारों और राजनीतिक दलों पर इसका वैसा असर नहीं दिखाई देता।
एक अन्य स्थानीय निवासी ने कहा कि अमूल के दाम पहले ही बढ़ चुके थे और अब मदर डेयरी ने भी कीमतों में इजाफा कर दिया है। उन्हें इस बार की बढ़ोतरी ज्यादा लगी। उनका कहना था कि पहले दूध की कीमतों में एक बार में एक रुपये की वृद्धि होती थी, लेकिन अब सीधे 4 रुपये तक दाम बढ़ा दिए गए हैं।
उन्होंने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए कदम उठाने की मांग की। उनके मुताबिक, दूध बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी की जरूरत है, इसलिए इसकी कीमतों को लेकर कोई प्रभावी नीति होनी चाहिए। 12 नवंबर को अमूल ने भी अपने कुछ प्रमुख पैकेट दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी लागू की है।
एक बुजुर्ग व्यक्ति ने बताया कि वह अपने नजदीकी मदर डेयरी केंद्र से टोकन और पैकेट, दोनों तरह का दूध खरीदते हैं। उनके अनुसार, दोनों की कीमतें बढ़ने से नियमित खरीदारी का खर्च बढ़ जाएगा। उन्होंने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि महंगाई का बोझ लगातार आम लोगों पर पड़ रहा है।
मदर डेयरी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दूध उत्पादन और संचालन की लागत बढ़ने के कारण कीमतों में संशोधन किया गया है। कंपनी ने बताया कि असमान मानसून के चलते कई क्षेत्रों में हरे और सूखे चारे की उपलब्धता प्रभावित हुई है। पिछले एक साल में चारे की कीमतों में 20 प्रतिशत तक और पशु आहार की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
कंपनी के मुताबिक, पैकेजिंग, परिवहन और अन्य परिचालन खर्चों पर भी महंगाई का असर पड़ा है। दूध की बिक्री से मिलने वाली राशि का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों से दूध खरीदने पर खर्च किया जाता है। कंपनी का कहना है कि किसानों और उपभोक्ताओं, दोनों के हितों के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है।














