मध्यप्रदेश के मुरैना के जौरा कस्बे में बीते दिन एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया जहां हवा भरते समय ट्रक का टायर फट गया। जिस वजह से युवक के शरीर के हिस्से उछलकर 20 फीट दूर जाकर गिर गए। जौरा थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह जादौन ने बताया कि पहिए में हवा भरने के दौरान तेजी से हवा निकलने के कारण युवक की मौत हुई है। मामला दर्ज किया जा चुका है। युवक का पोस्टमार्टम भी हो गया है। मामले की जांच की जा रही है।
मृतक अजय उर्फ मानिक कुशवाह (25) निवासी सिकरौदा की अगरौता कस्बे में स्टेडियम के पास टायर पंचर की दुकान है। वह एक ट्रक के टायर का पंचर जोड़ रहा था। उसके पास ट्रक का ड्राइवर कल्लू गोस्वामी और उसका चचेरा भाई हरीश सिंह भी बैठे हुए थे। इसी दौरान अजय उन दोनों से बोला कि तुम दोनों पीछे की तरफ आ जाओ। उसके कहने पर दोनों युवक उसके पीछे खड़े हो गए। हवा भरते समय अचानक पहिए का ट्यूब फट गया। हवा अत्यधिक प्रेशर के साथ टायर और रिम के बीच से निकली।
हवा का प्रेशर इतना अधिक था कि उसके शरीर के आगे का हिस्सा फट कर हवा में उछल गया। उसके शरीर के छोटे-छोटे टुकड़े लगभग 20 फिट दूरी पर जाकर गिरे। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अगर अजय उन दोनों युवकों कल्लू गोस्वामी ट्रक ड्राइवर और चचेरे भाई हरीश सिंह को अपने पीछे हटने के लिए नहीं कहता तो वह दोनों की भी जान पर बन आती। इस दिल दहलाने वाले हादसे में पीछे बैठे दोनों युवकों को खरोंच तक नहीं आई।





-1792642114-lb.webp)








