भारत और पाकिस्तान के बीच बीते दिन (10 मई, 2025) संघर्ष विराम (सीज़फायर) की घोषणा की गई थी, लेकिन महज़ तीन घंटे बाद ही पाकिस्तान ने इस समझौते का उल्लंघन कर दिया और भारत के कई इलाकों में ड्रोन के जरिए हमला करने की कोशिश की। पाकिस्तान की इस नापाक हरकत पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शायराना अंदाज़ में तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक ट्वीट किया।
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने एक्स पर लिखा, "उसकी फितरत है मुकर जाने की, उसके वादे पे यकीं कैसे करूं?"
इससे पहले सीज़फायर समझौते को लेकर शशि थरूर ने कहा था, "मुझे इस बात की खुशी है, क्योंकि शांति सबसे ज़्यादा ज़रूरी है। भारत कभी भी एक लंबे युद्ध का समर्थक नहीं रहा, लेकिन भारत ने आतंकवादियों को कड़ा सबक सिखाने का संकल्प लिया था — और अब सभी आतंकवादियों को सबक सिखा दिया गया है।"
शनिवार को दिनभर के तनाव के बाद, शाम के वक़्त अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम को लेकर एक ट्वीट किया। उनके ट्वीट के तुरंत बाद भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से भी बयान आया कि भारत, पाकिस्तान की पहल पर संघर्ष आगे न बढ़ाने पर सहमत हो गया है। इससे ऐसा प्रतीत हुआ कि पाकिस्तान अब हमलों से पीछे हटेगा, लेकिन हुआ इसके बिल्कुल उलट। कुछ ही घंटों में पाकिस्तान ने समझौते को तोड़ते हुए भारत पर ड्रोन से हमला करना शुरू कर दिया। भारत ने इन हमलों का सटीक जवाब देते हुए पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर उन्हें पूरी तरह तबाह कर दिया। इससे बौखलाया पाकिस्तान ड्रोन और मिसाइलों से भारत पर हमला करने लगा, लेकिन भारतीय सुरक्षाबलों ने उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया। जब हालात और अधिक बिगड़ने लगे, तो अमेरिका ने हस्तक्षेप कर दोनों देशों के बीच शांति बहाल करने की कोशिश की, जिसके फलस्वरूप 10 मई को सीज़फायर समझौते की घोषणा हुई — जिसे पाकिस्तान ने कुछ ही घंटों में तोड़ दिया।