नई दिल्ली। गुजरात के वलसाड के छीपवाड में हमसफर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में आग की घटना सामने आई है। शनिवार को ट्रेन की उस बोगी में आग लग गई जहाँ पर जनरेटर रखा हुआ था। आग असल में सबसे पहले जनरेटर में ही लगी, लेकिन उसकी लपटें इतनी ज्यादा रहीं कि उसने पूरी बोगी को ही अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात ये रही कि सभी यात्रियों को समय रहते ट्रेन से बाहर निकाल दिया गया।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उस वीडियो में आग की लपटें ट्रेन बोगी से बाहर निकलती दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि हमसफर ट्रेन की जो जनरेटर वाली बोगी थी, उसने अचानक से आग पकड़ ली थी। अब वो आग कैसे लगी, लापरवाही रही या कुछ और, अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है। लेकिन देखते ही देखते उस आग ने विक्राल रूप लिया और एक और बोगी तक वो जा पहुंची।