देश में कोरोना ने फिर पकड़ी रफ्तार, बीते 24 घंटे में 23 हजार से ज्यादा मरीज मिले; महाराष्ट्र में 14,317

By: Pinki Fri, 12 Mar 2021 08:48:40

देश में कोरोना ने फिर पकड़ी रफ्तार, बीते 24 घंटे में 23 हजार से ज्यादा मरीज मिले; महाराष्ट्र में 14,317

देश में कोरोना संक्रमितों के आंकड़े लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की मानें तो देश में एक दिन में कोरोना के 23,298 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,13,08,646 हो गई है। करीब ढाई महीने में सामने आए ये सर्वाधिक नए मामले हैं। इससे पहले 25 दिसंबर को 23,067 नए मामले सामने आए थे। देश में 119 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1,58,343 हो गई है। नए मरीजों में सबसे ज्यादा 14,317 महाराष्ट्र में मिले हैं। यह कुल संक्रमितों का करीब 69.4% है। महाराष्ट्र में भी बीते 24 घंटै में सबसे ज्यादा केस पुणे में 2,811 और नागपुर में 2,150 में आए हैं। महाराष्ट्र के जालना जिले में 2 हेल्थ वर्कर वैक्सीन के दोनों डोज लेने के बाद कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि वैक्सीन लेने के कुछ दिन बाद दोनों में कोरोना के हल्के लक्षण दिखाई दिए। उनके सैंपल की जांच की गई तो दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एडिशनल सिविल सर्जन पद्मजा सराफ ने कहा कि दोनों डोज लेने के 42 दिन बाद शरीर में एंटीबॉडी डेवलप होती है। इसलिए वैक्सीन लगवाने के बाद भी कोविड प्रोटोकाल का पालन करना चाहिए।

96.92% रिकवरी रेट, मृत्यु दर 1.40%

देश में अभी 1,94,313 लोग कोरोना से संक्रमित हैं जो कुल मामलों का 1.68% है। आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,09,51,355 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 96.92% है। वहीं, महामारी से मृत्यु दर 1.40% है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और 5 सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। पिछले 24 घंटों के दौरान जिन 126 लोगों की मौत हुई है, उनमें 54 महाराष्ट्र, 17 पंजाब और 14 केरल के मामले हैं। कुल मौतों में भी महाराष्ट्र का आंकड़ा सबसे ऊपर है। वहां इस महामारी से अब तक 52,667 लोगों की मौत हो हो चुकी है। इसके बाद तमिलनाडु में 12,535 और कर्नाटक में 12,381 मरीजों की मौत हुई है।

नागपुर में 15 से 21 मार्च तक लाकडाउन

महाराष्ट्र में कोरोना रोगियों की संख्या में अचानक आई बढ़ोतरी को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य के कुछ अन्य भागों में भी लाकडाउन के संकेत दिए हैं। गुरुवार को मुंबई के जेजे अस्पताल में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लेने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए ठाकरे ने कहा कि कोरोना वैक्सीन बिल्कुल सुरक्षित है। लोगों को अपने मन में इसके प्रति कोई शंका नहीं पालनी चाहिए। उद्धव ने कहा कि राज्य में कोरोना का प्रभाव फिर से बढ़ता दिखाई दे रहा है। ऐसे में कुछ हिस्सों में सख्ती बरतने की जरूरत पड़ सकती है। बता दे, नागपुर में 15 से 21 मार्च तक पूर्ण लाकडाउन की घोषणा कर दी गई है। इस दौरान वहां किसी को भी बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। सिर्फ जरूरी वस्तुओं की दुकानें खुली रहेंगी। दरअसल नागपुर में बुधवार को एक ही दिन में कोरोना के 1,710 नए मामले सामने आए। इसे देखते हुए सरकार को सख्त कदम उठाने पर बाध्य होना पड़ा है।

आपको बता दे, महाराष्ट्र में गुरुवार को 14,317 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 7,193 लोग ठीक हुए और 57 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 22 लाख 66 हजार 374 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 21 लाख 6 हजार 400 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 52,667 मरीजों की मौत हो गई। 1 लाख 6 हजार 70 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु से लगातार कोरोना के ज्यादा मामले आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में सामने आए कुल मामलों में इन छह राज्यों की हिस्सेदारी 85.91% रही।

इन राज्यों में नहीं हुई एक भी मौत

देश में पिछले 24 घंटे में 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों-गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, असम, ओडिशा, गोवा, झारखंड, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, सिक्किम, लद्दाख, मणिपुर, दमन एवं दीव और दादर एवं नगर हवेली, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, त्रिपुरा और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा अरुणाचल प्रदेश में कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई।

पंजाब में मिले 1300 से ज्यादा मरीज

पंजाब में गुरुवार को गुरुवार को 1,305 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 600 लोग ठीक हुए 18 मरीजों की मौत भी हुई। अब तक 1 लाख 93 हजार 345 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 77 हजार 260 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 5,996 मरीजों की मौत हो गई। 10,089 मरीजों का इलाज चल रहा है। पंजाब के पटियाला जिले में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच नाइट कर्फ्यू लगाया जाएगा। इसकी शुरुआत 12 मार्च से होगी। इस दौरान इमरजेंसी सर्विस, सरकारी अधिकारियों और मेडिकल सर्विस से जुड़े लोगों को छूट रहेगी। जालंधर के डिप्टी कमिश्नर ने सभी मैरिज हॉल, होटल और बैंक्वेट हॉल को अपने यहां होने वाले प्रोग्राम की सीसीटीवी फुटेज संभालकर रखने के आदेश जारी किए हैं, ताकि कोरोना की वजह से लगाए गए प्रतिबंधों के पालन की निगरानी की जा सके।

दिल्ली में भी डराने लगा कोरोना

महाराष्ट्र के बाद दिल्ली में भी कोरोना के मामले अब बढ़ने लगे है। यहां, गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 409 नए मामले दर्ज किये गए हैं, जो कि लगभग पिछले दो महीनों में एक दिन में सबसे अधिक हैं। वहीं, कोरोना संक्रमण की दर बढ़कर 0.59% हो गई है। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। बुलेटिन के अनुसार, कोरोना वायरस की महामारी से 3 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 10,934 पर पहुंच गई है। वहीं, दिल्‍ली में 409 नए मामलों के साथ कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 6,42,439 हो गई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी को 585 मामले सामने आये थे। जबकि चार जनवरी को 384 मामले दर्ज किये गये थे। इसके बाद 11 जनवरी को 306 मामले और 12 जनवरी को 386 मामले सामने आये थे। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 2,020 हो गई है और कोरोना संक्रमण की दर 0.59% है।

हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, होम आइसोलेशन में मरीजों की संख्या 1028 रिकॉर्ड की गई। जबकि पॉजिटिविटी रेट अब कुल 4.91% रह गया है। दिल्ली भर के अस्पतालों की बात करें तो कुल 5711 बेड हैं जिसमें से 579 पर मरीज भर्ती हैं। बाकी 5132 अभी भी खाली पड़े हुए हैं। इसके अलावा डेडीकेटेड कोविड केयर सेंटर में 5525 बेड हैं जिनमें से सिर्फ 4 पर ही कोरोना मरीज भर्ती हैं।

इसके अतिरिक्त डेडीकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर में 97 बेड की व्यवस्था है जोकि पूरी तरह से खाली ही पड़े हुए हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना मरीजों को लेकर कंट्रोल रूम को 203 कॉल भी मिली। पिछले 24 घंटे में कंटेनमेंट जोन की संख्या 592 रिकॉर्ड की गई।

टीकाकरण ने भी पकड़ी रफ्तार

देश में अब तक 2.43 करोड़ कोविड वैक्सीन की डोज दी गई है। कोविड वैक्‍सीन की 71% डोज सरकारी अस्पतालों में लगाई गई है जबकि 28.77% डोज निजी अस्पतालों में लगाई गई है। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। राज्यों को कितनी वैक्सीन देनी है। इसका फैसला मंत्रालय दैनिक आधार पर करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरा बेन को गुरुवार को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी गई। PM ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। केंद्र सरकार ने भारत बायोटेक की कोवैक्सीन के नियमित आपात इस्‍तेमाल की मंजूरी दे दी है। इस मामले में कोवैक्सीन भी सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड के स्तर पर आ गई है। अब तक कोवैक्सीन को ट्रायल मोड के तौर पर आपात इस्तेमाल की मंजूरी मिली थी।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com