भाजपा ने जारी किया चुनावी घोषणा पत्र, नाम दिया मोदी की गारंटी, कोई लोकलुभावन घोषणा नहीं

By: Shilpa Sun, 14 Apr 2024 12:53:00

भाजपा ने जारी किया चुनावी घोषणा पत्र, नाम दिया मोदी की गारंटी, कोई लोकलुभावन घोषणा नहीं

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र को मोदी की गारंटी नाम दिया है। चुनावी घोषणापत्र में भाजपा ने जहां मोदी सरकार के पिछले दो टर्म की उपलब्धियों के अलावा संभावित तीसरे टर्म में अपने संकल्प सामने रखे हैं। घोषणा पत्र में भाजपा के सबसे बड़े संकल्प वन नेशन वन इलेक्शन और यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) हैं। इसके अलावा चार वर्गों युवा शक्ति, महिला शक्ति, किसान और गरीबों को सशक्त बनाने का वादा किया है। भाजपा ने बड़ी संख्या में रोजगार बढ़ाने की भी बात की है। गरीबों के लिए फ्री राशन, हर वर्ग के 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों के लिए आय़ुष्मान भारत योजना, महिलाओं के लिए लखपति दीदी योजना, मध्यम वर्ग के लिए फ्री बिजली, सस्ते रसोई गैस सिलेंडरों का वादा किया है। मेनिफेस्टो में भाजपा ने कांग्रेस को भी जमकर कोसा। दावा किया कि कांग्रेस जो नहीं कर पाई, मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में उससे कहीं ज्यादा कार्य कर दिखाया।

भाजपा ने आज सुबह लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय में भाजपा का घोषणापत्र जारी किया गया। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 27 वरिष्ठ नेताओं की एक समिति ने घोषणापत्र तैयार किया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस समिति की संयोजक हैं।

पीएम मोदी ने घोषणापत्र जारी करते हुए कहा, 'भाजपा ने घोषणा पत्र की सुचिता को फिर स्थापित किया है। ये संकल्प पत्र विकसित भारत के चार मजबूत स्तंभ - युवाशक्ति, नारीशक्ति, गरीब और किसान, इन सभी को सशक्त करता है। हमारा फोकस नौकरी पर है।'

घोषणापत्र में कहा गया है कि साल 2020 से 80 करोड़ से अधिक परिवारों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। अगले पांच वर्षों तक पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत मुफ्त राशन देना जारी रखेंगे।

सभी वर्ग के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना

भारत के संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की जयंती के दिन भाजपा ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने मोदी की गारंटी के साथ अपना चुनावी पिटारा खोला। अपने संकल्प पत्र में भाजपा ने वादा किया है कि आयुष्मान भारत से पांच लाख का इलाज मुफ्त मिलता रहा है। आगे भी यह योजना जारी रहेगी। इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए 70 वर्ष से ऊपर के सभी वर्गों के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना के तहत लाया जाएगा।

लखपति दीदी योजना

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में कहा है कि सरकार ने लखपति दीदी के तहत देश की लाखों महिलाओं को सशक्त किया है। वादा किया कि आगे भी ऐसा करते रहेंगे। इसके लिए कल्याणकारी योजनाओं के साथ महिला सहायता समूहों को मदद दी जाएगी। साथ ही सर्वाइकल कैंसल, ब्रेस्ट कैंसर जैसी घातक समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए शौचालय का निर्माण किया जाएगा।

हर महीने मुफ्त बिजली उपलब्ध कराएंगे

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से हर महीने मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे इन परिवारों का बिजली बिल जीरो हो जाएगा।

पर्यावरण अनुकूल शहरों का विकास करेंगे

पार्क, खेल के मैदान जैसे अधिक हरित स्थानों का विकास करने का वादा किया गया है। वहीं झीलों और तालाबों जैसे जलाशयों को पुनर्जीवित करेंगे ताकि शहरों को पर्यावरण अनुकूल और लोगों के रहने योग्य सुविधायुक्त बनाया जा सके।

महिला एसएचजी को सर्विस क्षेत्र से जोड़ेंगे

महिला एसएचजी को कौशल और संसाधनों के माध्यम से आईटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, रिटेल और पर्यटन के क्षेत्रों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के नए अवसर प्रदान किए जाएंगे।

कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल का निर्माण करेंगे

औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल का निर्माण करेंगे, जिसमें शिशुगृह जैसी बुनियादी सुविधाएं होंगी।

पेपर लीक नियंत्रण के लिए कानून लागू करेंगे

घोषणापत्र में कहा गया है कि सरकारी भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है। अब, इस कानून को सख्ती से लागू करके, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कड़ी सजा देंगे।

नेशनल एजुकेशन पॉलिसी

पारदर्शी परीक्षाओं से लाखों को रोजगार मिला है। नेशनल एजुकेशन पॉलिसी लागू होगी। हर नागरिक को अच्छी शिक्षा लागू होगी। युवाओं के लिए मोदी की गारंटी में वादा किया है कि इनवेस्टमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप, खेल, हाई वेल्यू सर्विस और पर्यटन के लिए नए मार्ग खुलेंगे।

किसानों के लिए क्या वादे

भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया गया है कि बीज से बाजार तक किसानों की आय पर फोकस किया जाएगा। श्रीअन्न को सुपर फूड में बदला जाएगा। नैनो यूरिया और प्राकृतिक खेती से जमीन की सुरक्षा की जाएगी। मछुआओं के लिए नाव का हीमा, सैटेलाइट द्वारा समय पर जानकारी को मजबूत किया जाएगा। सी वीड और मोदी की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

भ्रष्टाचार पर एक्शन जारी

भाजपा ने मोदी की गारंटी में वादा किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की मुहिम को और सख्ती से लागू किया जाएगा। परफोर्म, रिफोर्म और ट्रांसफोर्स का मंत्र शासन के हर क्षेत्र में लागू किया जाएगा। वादा किया कि भारतीय न्याय संहिता भी लागू होगी। वन नेशन वन इलेक्शन और कॉमन इलेक्टोरल रोल की भी व्यवस्था आएगी।

ई-श्रम योजना

भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में गिग वर्कर्स, टैक्सी ड्राइवर, ऑटो ड्राइवर, घरों में काम करने वाले श्रमिक, माइग्रेंट वर्कर, ट्रक ड्राइवर और कुली सभी को ई-श्रम पर जोड़कर कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित करेंगे।

सब्जी उत्पादन और स्टोरेज के लिए नए क्लस्टर बनाएंगे

अन्नदाताओं को जरूरी कृषि इनपुट प्रदान करके पौष्टिक सब्जियों का उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन देंगे। साथ ही प्याज, टमाटर, आलू आदि जैसी आवश्यक सब्जियों के उत्पादन के लिए नए क्लस्टर स्थापित करेंगे। इन क्लस्टर्स में भंडारण और वितरण की सुविधाएं भी प्रदान करेंगे।

हर घर नल से जल योजना का विस्तार

14 करोड़ से अधिक परिवारों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल से जल सुलभ हुआ है। इस योजना का और अधिक विस्तार किया जाएगा।

हर गरीब को पक्का घर देने की योजना जारी रहेगी

भाजपा सरकार ने गरीबों को चार करोड़ पक्के घर बनाकर दिए हैं। अब जो अतिरिक्त जानकारियां राज्य सरकारों से मिल रही हैं, उन परिवारों की भी चिंता करते हुए तीन करोड़ घर और बनाने का संकल्प।

दिव्यांगों को आवास दिए जाएंगे

दिव्यांगों को अब पीएम आवास योजना में प्राथमिकता दी जाएगी, उनकी विशेष जरूरतों के अनुसार उन्हें आवास मिल सके, इसके लिए विशेष रूप से काम किया जाएगा।

डेयरी और सहकारी समितियों की संख्या बढ़ेगी


सहकारिता से समृद्धि के विजन पर चलते हुए भाजपा राष्ट्रीय सहकारिता नीति लेकर आएगी। देशभर में डेयरी और सहकारी समितियों की संख्या भी बहुत बड़ी मात्रा में बढ़ाई जाएगी।

वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार होगा

भाजपा देश के कोने-कोने में वंदे भारत ट्रेनों का भी विस्तार करेगी। देश में वंदे भारत के तीन मॉडल चला करेंगे - स्लीपर, चेयरकार और वंदे भारत मेट्रो। उसी प्रकार से आधुनिक और विकसित भारत की दिशा में आज अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का काम तेजी से चल रहा है और करीब पूर्ण होने की ओर है।

कांग्रेस पर भी बरसी भाजपा

अपने चुनावी घोषणापत्र में भाजपा ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार को भी निशाने पर लिया। भाजपा ने संकल्प पत्र में कहा कि कांग्रेस की 2004 से 2014 तक की सरकार के वक्त भारत दुनिया की 11 वीं बड़ी अर्थव्यवस्था तक ही बना रहा लेकिन, मोदी सरकार के महज 10 वर्षों के कार्यकाल के दौरान भारत ने पहली बार विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का गौरव प्राप्त किया। मोदी की अगली गारंटी यह है कि आगामी वर्षों में भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था तक लाया जाएगा।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com